पानीपत। गांव सिवाह में पसीना रोड किनारे करीब आठ से नौ माह के नवजात का शव मिला। राहगीरों ने डॉयल 112 पर मामले की सूचना दी। सेक्टर 29 थाना पुलिस और सरकारी अस्पताल से एंबुलेंस मौके पर पहुंची। एफएसएल के साथ मिलकर पुलिस ने साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल के शव गृह में रखवाया। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धारा 317 के तहत केस दर्ज करके आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
गांव उझा निवासी प्रताप ने बताया कि वह अपनी स्कूटी पर सवार होकर पसीना रोड पर जा रहा था। जब वह कनोडिया ओवरसीज फैक्टरी के सामने पहुंचा तो सामने एक खेत में काफी लोगों की भीड़ जमा थी। वह पास गया तो एक नवजात शिशु मृत पड़ा था। आयु आठ से नौ माह थी। उसने शव को सीधा किया तो उसके मुंह से खून निकल रहा था। कमर और कूल्हे पर चबाने के निशान थे। प्रताप ने बताया कि ऐसा लगता है कि किसी अज्ञात महिला ने बच्चे को जन्म देकर उसे खाली खेत में फेंक दिया। नवजात को जन्म देने वाले के खिलाफ कार्रवाई की जाए।