पानीपत। उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम ने जिले में 33 केवीए के तीन नए सब स्टेशन बनाएगा। इनके लिए सेंचुरी इंफ्रा पावर लिमिटेड जयपुर की कंपनी को टेंडर दिया गया है। कंपनी को यह तीन नए सब स्टेशन एक साल में पूरे करके देने हैं। वहीं पर कंपनी के द्वारा ही 33 केवी लाइन और 11 केवी लाइन बिछाने का कार्य किया जाएगा। तीन नए सब स्टेशन बनने से करीब दो दर्जन गांवों में बिजली की किल्लत समाप्त हो जाएगी और फॉल्ट से भी छुटकारा मिलेगा। यह सब स्टेशन गांव कुराड़, बुड़शाम और भादड़ में बनाए जाएगें। तीनों नए सब स्टेशन बनाने के लिए गांवों की ओर से जमीन मुहैया कराई गई है।
उल्लेखनीय है कि कुराड़, बुड़शाम व भादड़ गांवों की बिजली के साथ साथ खेतों में भी दिन के समय सिंचाई के लिए आपूर्ति दी जानी है। किसानों को निर्बाध रूप से खेतों के लिए बिजली मिलती रहे, इसके लिए नए सब स्टेशनों के निर्माण की आवश्यकता थी। जिले में 40 फीडरों से खेतों को बिजली सप्लाई की जाती हैं जिनमें से 10 फीडरों पर लोड बढ़ाने की आवश्यकता थी। उसी लोड को पूरा करने के लिए और आगे भविष्य में भी बिजली संबंधित कमी को पूरा करने के लिए सरकार ने 33 केवी के तीन नए सब स्टेशनों के निर्माण के लिए मंजूरी दी हैं।
वर्जन :
बिजली की समस्या होगी दूर
सब अर्बन सब डिविजन के एक्सईएन आदित्य कुंडु ने बताया कि ये गांव जगमग योजना में शामिल हुए हैं और जगमग योजना तहत इन गांवों में 24 घंटे बिजली दी जानी हैं। इसलिए इन गांवों में तीन नए सब स्टेशन बनाने की मंजूरी सरकार द्वारा स्वीकार की गई थी। तीन नए सब स्टेशन बनाने के लिए जयपुर की कंपनी को टेंडर दिया गया है। इस कंपनी ने एक साल के अंदर तीनों नए सब स्टेशन का निर्माण कार्य पूरा करके देना हैं। एक साल के बाद गांवों से बिजली की समस्या दूर हो जाएगी और आसपास के गांवों को भी इसका लाभ मिलेगा।