पानीपत। सरकार द्वारा डायरेक्टर की अध्यक्षता में बनाई गई पांच सदस्यीय कमेटी के सामने पूरे राज्य के डिपो होल्डर अपनी समस्याओं को रखेंगे।
इस बारे में पानीपत डिपो होल्डर्स एसोसिएशन के जिला प्रधान मुकेश कुमार उर्फ कन्हैया ने बताया कि सरकार द्वारा अब डिपो होल्डर की 60 वर्ष की आयु होने पर रिटायर किया जा रहा है। वहीं पहले 600 से लेकर 1200 राशन कार्डों पर एक डिपो है, लेकिन सरकार द्वारा अब 300 से लेकर 600 राशन कार्डों पर एक डिपो बनाने का फैसला लिया गया है। हरियाणा प्रदेश के डिपो होल्डर्स सरकार के इसी फैसले का विरोध कर रहे हैं।
जिला प्रधान ने बताया कि डिपो होल्डर्स अपनी इन दोनों प्रमुख मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के ओएसडी और विभिन्न मंत्रियों व विधायकों से मिल चुके हैं। जिसके चलते सरकार ने खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के डायरेक्टर की अध्यक्षता में पांच सदस्यीय कमेटी बनाई है, जिसमें हिसार, सोनीपत, फरीदाबाद व कुरुक्षेत्र के डीसी को शामिल किया गया है। मुकेश कुमार उर्फ कन्हैया ने शुक्रवार को मीडिया से बात करते हुए बताया कि इस पांच सदस्यीय कमेटी से डिपो होल्डर्स एसोसिएशन का प्रदेश स्तरीय प्रतिनिधिमंडल जल्द ही मिलेगा और अपनी मांगों को प्रमुखता के साथ कमेटी के समक्ष रखेगा। उन्होंने बताया कि इसको लेकर डिपो होल्डर्स हाईकोर्ट भी गए हैं और अब उसकी सुनवाई 18 मार्च को है।