जिले में रविवार को कोरोना के 170 केस मिले हैं। इनमें 15 बच्चे भी शामिल है। दो बच्चों की उम्र तीन वर्ष से कम है। कोरोना की तीसरी लहर में अब तक तीन वर्ष से कम आयु के 13 बच्चे कोरोना संक्रमित मिल चुके हैं। रविवार को भी रिफाइनरी टाउनशिप में कोरोना के नए 23 केस मिले हैं। कोरोना की तीसरी लहर में अब तक संक्रमित हुए 25 में से 20 डॉक्टर ठीक होकर ड्यूटी पर लौट चुके हैं। रविवार को 200 लोगों ने महामारी को मात दी है। वहीं जनवरी में 1650 लोगों ने कोरोना को हराया है।
कोरोना की तीसरी लहर में लगातार कम हो रही कोरोना जांच स्वास्थ्य विभाग के लिए चिंता का विषय है। कोरोना की दूूसरी लहर में हर रोज दो हजार से अधिक लोग अपनी जांच कराते थे। इस लहर में हर रोज एक हजार लोगों की भी जांच नहीं होती। इन सैंपल के हिसाब से पॉजिटिविटी रेट 20 प्रतिशत से अधिक है। रविवार को महज 304 लोगों ने अपनी कोविड जांच कराई है। ये संख्या लहर की सबसे कम सैंपलिंग की है। डॉ. सुनील के मुताबिक जिले में अब तक ओमिक्रॉन के पांच केस मिले हैं। कोरोना की तीसरी लहर में संक्रमण पीक पर है। लोगों से अपील है कि वो लापरवाही न बरतें। कोरोना के नियमों का पालन करें। अगर कोरोना के लक्षण है कि तो अपनी जांच अवश्य कराएं।
- जिले में 34810 हुई रोगियों की संख्या-
जिले में अब तक कोरोना के 34810 केस दर्ज हो चुके हैं। 644 लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है। अब तक जिले में 499312 लोगों की कोरोना जांच हो चुकी है। शनिवार को महज 741 लोगों ने अपनी कोरोना जांच कराई है। जिले में कोरोना का पॉजिटिविटी रेट अब तक 6.2 प्रतिशत है।
- पिछले 10 दिनों में 1094 की औसत से हुई सैंपलिंग
कोरोना के लगातार बढ़ रहे खतरे के बीच कोरोना सैंपलिंग की संख्या लगातार घट रही है। ये स्वास्थ्य विभाग के लिए चिंता का विषय है। पिछले 10 दिन में अब तक महज 12039 लोगों ने अपनी जांच कराई है। हर रोज 1094 की औसत से कोविड जांच हो रही है।