माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। जिले में 21 जून को राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा सात केंद्रों पर होगी, जिसमें 2686 परीक्षार्थी शामिल होंगे। अतिरिक्त उपायुक्त को इस पूरी प्रक्रिया का ओवरऑल इंचार्ज बनाया गया है।
परीक्षा दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक आयोजित होगी। परीक्षार्थियों को सुबह 11 बजे से दोपहर डेढ़ बजे तक केंद्रों में प्रवेश दिया जाएगा। प्रश्न पत्र लाने व ले जाने के साथ ही केंद्रों पर सुरक्षा के मानकों को पूरा किया जाएगा।
उपायुक्त हरीश कुमार वशिष्ट ने बुधवार को जिला सचिवालय में अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने परीक्षा को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से कराने के निर्देश दिए। कानून व्यवस्था बनाए रखने, बेहतर सुविधाएं देने और नकल रोकने के लिए विशेष प्रबंध किए जाएंगे।
परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्था और नियम
जिला स्तरीय समन्वय समिति भी परीक्षा के दौरान सक्रिय रहेगी। अधिकारियों को नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। केवल वैध प्रवेश पत्र पर ही अभ्यर्थियों को प्रवेश मिलेगा। मोबाइल और ब्लूटूथ जैसे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
यहां बनाए गए केंद्र
जिले में पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय बिहोली, राजकीय मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल जीटी रोड, एसडी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, जीएसएसएस तहसील कैंप, डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल व जीएसएसएस सिवाह समेत सात केंद्र बनाए जाएंगे। इन केंद्रों पर बैठने, पानी, घड़ी, सुरक्षा और अन्य सभी मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है