किला थाना क्षेत्र से 17 वर्षीय युवती और सेक्टर 13-17 थाना क्षेत्र से 16 वर्षीय लड़का संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए। परिजनों ने दोनों ही मामलों में अपहरण होने की आशंका जताई है और पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस ने केस दर्ज कर दोनों नाबालिगों की तलाश शुरू कर दी है।
पहले मामले अनुसार गांधी कॉलोनी निवासी शलमा पत्नी सकुर ने बताया कि वह घरेलू कार्य करती है। उसके छह बच्चे हैं। पांचवें नंबर की बेटी साहिना उर्फ छोटी (17) वीरवार को दोपहर तीन बजे घर से घरेलू सामान लेने के लिए बाहर गई थी, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटी। उन्होंने तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। उसने किला थाना पहुंचे और अपहरण की आशंका जताते हुए लिखित शिकायत दी। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर महिपाल सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर साहिना की तलाश शुरू कर दी है।
मामला नंबर-2
यूपी के सहजानपुर निवासी महेश ने बताया कि वह हाल ही में ज्योति कॉलोनी में किराए के मकान में रहते हैं। उसके तीन बच्चे हैं, जिनमें दो बेटे और एक बेटी है। उसका सबसे छोटा बेटा सोबित (16) वीरवार रात को संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। शुक्रवार शाम तक घर न लौटने और कोई सुराग न मिलने पर वह सेक्टर 13-17 थाना पहुंचे और अपहरण होने की आशंका जताते हुए लिखित शिकायत दी। थाना प्रभारी एसआई राम निवास का कहना है कि सोबित की तलाश की जा रही है, जल्द ही उसे ढूंढ लिया जाएगा।