पानीपत। पानीपत में सोनीपत निवासी एक फौजी संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। फौजी घर से देहरादून ड्यूटी पर जाने के लिए घर से निकाला था। वह सोनीपत से पानीपत आया और पानीपत से देहरादून की बस में सवार हो गया। बस में सवार होने के बाद उसने बहन को फोन कर बताया, लेकिन इसके बाद संपर्क नहीं सका। लगातार कॉल करने के बाद संपर्क न होने पर परिजनों ने शहर थाना में गुमशुदगी की शिकायत दी है।
सोनीपत के सरगथल निवासी सुरेश कुमार ने बताया कि वह दो बच्चों का पिता है। बड़ा लड़का विक्रम (23) फौज में है और इन दिनों देहरादून में तैनात है। विक्रम 10 दिन की छुट्टी पर घर आया था। एक जुलाई की सुबह साढ़े सात बजे वह देहरादून के लिए घर से निकला था। सुबह करीब साढ़े 11 बजे उसने अपनी बहन भावना को मैसेज किया कि वह पानीपत से देहरादून के लिए बस से निकल गया है।
उन्होंने फोन किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। शाम साढ़े 4 बजे तक कई बार कॉल कर संपर्क करने का प्रयास करते रहे, लेकिन बेटे से बात नहीं हुई। इसके बाद बेटे विक्रम का फोन स्विच ऑफ हो गया। उसके बाद से बेटे का कोई सुराग नहीं लग पाया है। शहर थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।