पौधरोपण के बाद खड़े मेयर कोमल सैनी और अन्य। स्रोत : विभाग
समालखा। वन विभाग द्वारा समालखा के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय आट्टा में शुक्रवार को 77वें जिला स्तरीय वन महोत्सव फेज-2 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पानीपत की महापौर कोमल सैनी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि समालखा एसडीएम अमित कुमार और डीएफओ दीपक प्रभाकर पाटिल विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में स्कूली विद्यार्थियों ने स्वागत गीत, लोक नाट्य और सांस्कृतिक नृत्यों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का मनमोहक संदेश दिया। महापौर कोमल सैनी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी योजनाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हर नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। आज लगाया गया पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित धरोहर बनेगा।
एसडीएम अमित कुमार ने कहा कि पौधारोपण अब कोई विकल्प नहीं, बल्कि समय की अनिवार्य आवश्यकता है। प्रकृति के संकेतों को समझकर समाज को एकजुट होना होगा। डीएफओ दीपक प्रभाकर पाटिल ने बताया कि हरियाणा में वन क्षेत्र घटकर मात्र 3.65 प्रतिशत रह गया है, जो बेहद चिंताजनक है। यदि आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित भविष्य देना है तो वृहद स्तर पर पौधारोपण करना होगा।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों द्वारा विद्यार्थियों और ग्रामीणों को पौधे वितरित किए गए तथा उनके संरक्षण का संकल्प दिलाया गया। इस मौके पर प्रधानाचार्य दयाल शंकर व सरपंच दिलबाग मौजूद रहे।