सनौली। हरियाणा बिजली कर्मचारी एवं इंजीनियर संयुक्त संघर्ष मोर्चा के आह्वान पर मांगों को लेकर शुक्रवार को दूसरे दिन भी छाजपुर और बापौली सब डिवीजन पर कर्मचारियों ने धरना देकर जोरदार प्रदर्शन किया। छाजपुर में प्रदर्शन की अध्यक्षता संदीप रावल ने की और संचालन कपूर चंद ने किया।
राज्य प्रेस सचिव सोमपाल रावल ने कहा कि सरकार गुरुग्राम और नूंह में पैरेलल लाइसेंस देकर बिजली निगमों का निजीकरण करना चाहती है, जिससे पूरे वितरण निगम का ढांचा बिगड़ जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि एग्री डिस्कॉम बनाने से किसानों के ट्यूबवेल बिलों में बढ़ोतरी होगी और सब्सिडी समाप्त कर दी जाएगी। इसके अलावा, स्मार्ट मीटरों के प्रयोग से नई भर्तियों पर संकट खड़ा होगा।
कर्मचारी नेताओं ने कहा कि बिजली मंत्री के साथ हुई बैठक बेनतीजा रही है। यदि सरकार ने मांगें नहीं मानीं तो 11, 12 व 13 अगस्त को हड़ताल की जाएगी और 15 अगस्त को एग्री डिस्कॉम लागू होने पर अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू किया जाएगा। इस मौके पर गुलाब सिंह, विकास मलिक, रणदीप और विक्रम सिंह मौजूद रहे।