पानीपत। रेलवे स्टेशन पर बिहार जाने वाली ट्रेनों के ठहराव की मांग को लेकर पूर्वांचल समाज के लोगों का धरना बुधवार को छठे दिन भी जारी रहा। कई बार अधिकारियों को ज्ञापन देने के बावजूद मांगों पर कार्रवाई नहीं होने से समाज के लोगों में रोष है। बुधवार को स्टेशन के निरीक्षण के लिए पहुंचे डीआरएम पुष्पेश रमन त्रिपाठी ने भी धरने पर बैठे लोगों से मुलाकात नहीं की। इससे नाराज प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी कर रोष जताया और मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही।
पूर्वांचल समाज के लोग स्टेशन के बाहर दिन-रात धरने पर बैठे हैं। समाज के अध्यक्ष उमाशंकर ने कहा कि अधिकारियों को कई बार ज्ञापन दिए जा चुके हैं, लेकिन मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि डीआरएम के स्टेशन पर निरीक्षण के दौरान भी समाज के लोगों की समस्या नहीं सुनी गई, जिससे नाराजगी है। संवाद