इसराना। खालसा प्रचार गुरुद्वारा संत भवन साहिब में मंगलवार को साहिबजादों बाबा जोरावर सिंह, बाबा फतेह सिंह व माता गुजरी कौर की शहादत को समर्पित सालाना समागम का आयोजन किया गया। समागम में आई संगत को दिए संदेश में संत बाबा राजिंदर सिंह खालसा ने बताया कि साहिबजादों बाबा जोरावर सिंह व बाबा फतेह सिंह व माता गुजरी कौर की शहादत को कभी भुलाया नहीं जा सकता।
समागम उनकी शहादत को समर्पित कर मनाया जाता है। उनकी शहादत से विशेषकर युवाओं को प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि गुरुओं के बताए रास्ते पर चल कर ही समाज व देश का भला हो सकता है। उन्होंने युवाओं से नशे से बचने व अपनी शक्ति सकारात्मक कार्यों में लगाने व समाज में फैली बुराइयों के खिलाफ लड़ने का आह्वान किया। समागम में पहुंचे एसडीएम अश्विनी कुमार को संत बाबा राजेन्द्र सिंह खालसा ने शाल भेंट कर सम्मानित किया। समागम में देश-प्रदेश के अलावा विदेशों से भी संगत पहुंची। समागम में दरबार साहिब अमृतसर से रागी भाई मनींद्र सिंह, पटियाला से रागी भाई जसकरण सिंह, ज्ञानी हरपाल सिंह हैड ग्रंथि फतेहगढ़ साहिब के अलावा बाबा फतेह सिंह एकेडमी के छात्रों ने कीर्तन व गुरुवाणी का पाठ किया। समागम में पहुंची संगत में गुरुद्वारा साहिब में मत्था टेक संत से आशीर्वाद लिया। दिन भर अटूट लंगर बरताया गया। इस मौके पर दलविंदर सिंह, गुरदयाल सिंह, सुखप्रीत सिंह व अमनप्रीत सिंह उपस्थित रहे।