पानीपत। बढ़ती ठंड को देखते हुए हरियाणा शिक्षा विभाग ने शीतकालीन सत्र का अवकाश घोषित किया गया है। पंद्रह दिवसीय शीतकालीन अवकाश एक से 15 जनवरी तक रहेगा। इस बार एनसीएफ के तहत बच्चों के गृहकार्य में बदलाव किया गया है। लेखन और रटने की प्रवृति के साथ इस बार अनुभव आधारित कार्य पर बल दिया गया है।
बारिश के बाद बढ़ी ठंड और धुंध के कारण बच्चों के स्वास्थ्य का ध्यान रखते हुए शिक्षा विभाग ने शीतकालीन सत्र का अवकाश घोषित कर दिया है। नए साल के साथ बच्चों का स्कूली अवकाश की भी शुरूआत होगी। जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी सुभाष चंद्र भारद्वाज ने बताया कि अवकाश के दौरान बच्चों को इस बार अनुभव आधारित कार्य दिया जाएगा। यह कार्य घर से बड़ों के सहयोग से पूरा हो पाएगा। इसके द्वारा शिक्षा विभाग बच्चों का घर से बुजुर्गों के साथ जोड़ने का कार्य करेगा। पंद्रह दिवसीय अवकाश के बाद दोबारा स्कूल अपने समय अनुसार लगेंगे।