पानीपत। मेरठ निवासी युवती ने पति, सास और ससुर के खिलाफ शादी के ढाई महीने बाद उसे छोड़ देने का आरोप लगाया है। यह भी बताया कि शादी की एक वेबसाइट के जरिए हुई बात में पति ने खुद को चाय की पत्ती और मसालों का कारोबारी बताया था। शादी के बाद पता चला कि वह सिक्योरिटी गार्ड है। आरोप लगाया कि उसकी पहले भी शादी हो चुकी है। बेटा पैदा नहीं कर पाने पर उसने पहली पत्नी को छोड़ दिया था। अब दहेज के लिए उसे घर से निकाल दिया गया।
युवती ने पुलिस को बताया कि शादी की एक वेबसाइट के जरिये मतलौडा के न्यू मॉडल टाउन निवासी हरीश के साथ 13 मई 2021 शादी हुई थी। शादी के दो दिन बाद ही दहेज लाने के दबाव बनाया जाने लगा। पति ने शराब के नशे में उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए और विरोध करने पर पीटा। साथ ही घर से निकाल दिया। बाद में पति ने मायके में कॉल कर कहा कि दोबारा ऐसा नहीं होगा। इस पर वह ससुराल पहुंची तो ससुर ने नशे की हालत में गलत काम करने का प्रयास किया। तब पड़ोसियों ने उसे बचाया।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि ससुर के खिलाफ पुलिस को शिकायत दी तो पति ने जहर पीकर शिकायत वापस करने का दबाव बनाया। इसकी उसने वीडियो भी बनाई। पति ने आश्वासन दिया कि मतलौडा की जगह पानीपत में रहेंगी, लेकिन पानीपत आने के बाद तीसरे दिन ही वह भाग गया। ढाई महीने बाद उसे पति ने छोड़ दिया। बताया कि मुख्यमंत्री से गुहार लगाने के बाद अब मतलौडा थाना पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज की है। इस बारे में मतलौडा थाना प्रभारी इंस्पेक्टर हरविंद्र सिंह का कहना है कि पीड़िता की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है, मामले की जांच की जा रही है, जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।