महर्षि दयानंद सरस्वती की जयंती के उपलक्ष्य में पानीपत के थर्मल स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल में 5100 कुंडीय यज्ञामृत संस्कार का आयोजन हुआ। यहां यज्ञ में आहुति डालकर विश्व शांति और कल्याण की कामना की गई।
पानीपत के थर्मल में महर्षि दयानंद सरस्वती की 200वीं जयंती के उपलक्ष्य में आर्य युवा समाज की ओर से पानीपत के थर्मल स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल में शुक्रवार को 5100 कुंडीय यज्ञामृत संस्कार का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय चंडीगढ़ के पूर्व न्यायाधीश जस्टिस महेश ग्रोवर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की वहीं आर्य युवा समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष योगी सूरी ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की।
विज्ञापन
डीएवी प्रबंधन समिति एवं आर्य प्रादेशिक प्रतिनिधि सभा नई दिल्ली के प्रधान पदमश्री डॉ. पूनम सूरी के निर्देश पर विद्यार्थियों, शिक्षकों ने यज्ञ में आहुति डालकर विश्व शांति और कल्याण की कामना की। इसके लिए स्कूल के बड़े मैदान को कुंडों से सजाया गया था।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार डीएवी पब्लिक स्कूल थर्मल कॉलोनी में शुक्रवार शाम को 5100 कुंडीय यज्ञामृत किया गया। जिसमें डीएवी संस्थाओं के बच्चों ने यज्ञ में आहुति डाली। मुख्य अतिथि जस्टिस महेश ग्रोवर ने कहा कि महर्षि दयानंद सरस्वती ने विश्व को यज्ञ के महत्व से अवगत कराया। युवा पीढ़ी को आज उनके संस्कारों को अपनाने की जरूरत है।
युवा पीढ़ी यज्ञ की पद्धति को अपनाकर अन्य लोगों को जागरूक कर सकती हैं। इस दौरान डीएवी कॉलेज प्रबंधन समिति के उप प्रधान एवं पूर्व न्यायाधीश जस्टिस प्रीतम पाल विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इसके अलावा आर्य प्रादेशिक प्रतिनिधि सभा के सह मंत्री सत्यपाल आर्य, पब्लिक स्कूल के निदेशक बीके चोपड़ा, आर्य युवा समाज के प्रांतीय अध्यक्ष धर्मदेव विद्यार्थी और डीएवी पब्लिक विद्यालय पानीपत के ऋतु दिलबागी विशेष रूप से सहयोग दिया।