फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Panipat News: एलपीजी सिलिंडर की बुकिंग ढाई गुना तक बढ़ी, बार-बार क्रैश हो रही साइट

Fri, 13 Mar 2026 02:19 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, पानीपत
विज्ञापन
बबैल रोड स्थित सलूजा गैस एजेंसी पर सिलिंडर के लिए लाइन में लगे उपभोक्ता। संवाद
विज्ञापन
पानीपत। पश्चिमी यूरोप में तनाव की स्थिति के बाद एलपीजी सिलिंडर के लिए मारामारी लगातार बढ़ रही है। गैस कंपनी की बुकिंग साइट पर ढाई गुना भार बढ़ गया है। ऐसे में साइट हर आधे से एक घंटे में क्रैश हो रही है। लोग ऑनलाइन बुकिंग न होने पर एजेंसियों पर पहुंच रहे हैं। इनमें ऐसे भी लोग एजेंसी पर पहुंच गए जिनके घर पाइपलाइन से एलपीजी की आपूर्ति की जा रही है। लोगों को उद्योगों की तरह घरेलू प्रयोग को भी बंद करने का डर है। घरेलू गैस सिलिंडर की कालाबाजारी शुरू हो गई है। होटल और ढाबों पर इसका प्रयोग शुरू कर दिया है। सिलिंडर 1400 से लेकर दो हजार रुपये तक में देने की बात सामने आ रही हैं। हालांकि प्रशासन और गैस एजेंसी संचालकों ने कालाबाजारी से इनकार किया है। इन सबके बीच अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. पंकज ने डीलरों और डिस्ट्रीब्यूटरों की बैठक लेकर निर्देश दिए हैं।
विज्ञापन

गैस कंपनियों ने मॉडल टाउन और सेक्टर-11-12 समेत अन्य कई सेक्टरों में पाइपलाइन बिछाकर घर-घर आपूर्ति दे रखी है। इन लोगों ने पाइपलाइन आने के बाद सिलिंडर की बुकिंग करानी बंद कर दी थी। कुछ लोगों ने सिलिंडर की जरूरत न होने पर आगे दे दिए थे। पिछले दिनों से सिलिंडर की मांग बढ़ गई है। लोग सुबह से शाम तक सिलिंडर बुकिंग कराने में लगे हुए हैं। सिलिंडर ऑनलाइन बुक न होने पर लोग एजेंसी पर पहुंच रहे हैं, ऐसे में एजेंसियों पर सुबह ही लंबी लाइन लग गई। लोग दोपहर तक सिलिंडर लेने और बुकिंग के लिए लाइन में लगे हुए हैं।


लोगों ने कहा बुकिंग नहीं हो रही
मॉडल टाउन के दीपक ने बताया कि उनके घर पाइपलाइन से गैस की आपूर्ति होती है। फैक्टरी में पाइपलाइन से आपूर्ति बंद कर दी है। उनको घरों भी आपूर्ति बंद होने का डर है। उन्होंने पंजीकृत मोबाइल से सिलिंडर बुक करने का प्रयास किया। उनको ऑनलाइन बुकिंग न होने पर एजेंसी में आना पड़ा। जाटल रोड के कृष्ण ने बताया कि उनके घर में दो सिलिंडर हैं। एक सिलिंडर खाली है और दूसरा खाली है। वे दूसरा सिलिंडर बुक कराना चाहते हैं। वे तीन दिन से ऑनलाइन बुक करा रहे हैं लेकिन ओटीपी नहीं मिल पा रहा है। उन्हें एजेंसी पर आकर बुकिंग करानी पड़ी। अब सिलिंडर मिलने की उम्मीद जगी है।
विज्ञापन


प्रशासन का दावा घरेलू गैस की कमी नहीं
प्रशासन ने कालाबाजारी रोकने के लिए वीरवार को जिला सचिवालय में गैस डीलर व डिस्ट्रीब्यूटर की बैठक ली। अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. पंकज ने कहा कि जिले में घरेलू गैस की किसी प्रकार की कमी नहीं है और प्रशासन लगातार गैस की उपलब्धता पर नजर बनाए हुए है। घरेलू गैस का पर्याप्त स्टॉक बनाए रखें, ताकि उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। अस्पताल, कॉलेज, कैंटीन और अन्य जरूरी संस्थानों में गैस की आपूर्ति किसी भी स्थिति में बाधित नहीं होने दी जाएं। ऐसे स्थानों पर गैस की उपलब्धता सुनिश्चित करना जनसेवा और आवश्यक सेवाओं से जुड़ा हुआ है। एजेंसी, डीलर या डिस्ट्रीब्यूटर के खिलाफ गैस की कालाबाजारी या अनियमितता की शिकायत प्राप्त होती है तो प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा। खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक (डीएफएससी) दिव्या ने सभी डीलर और डिस्ट्रीब्यूटर से स्टॉक और वितरण व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा करना विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसलिए सभी एजेंसियां निर्धारित नियमों के अनुसार गैस वितरण करें और उपभोक्ताओं को समय पर सिलिंडर उपलब्ध कराएं।



प्रधान तेजबीर जागलान ने रखी संचालकों की बात
पानीपत एलपीजी एसोसिएशन के प्रधान तेजबीर जागलान ने डीलरों की समस्या रखी। उन्होंने कहा कि कंपनी की बुकिंग साइट क्रैश हो रही है। ऐसे में लोग एजेंसियों पर पहुंच रहे हैं। एजेंसियों पर सुबह ही लाइन लग जाती है। एजेंसी संचालक प्रशासन और सरकार के निर्देश में काम कर रहे हैं। लोगों से अपील है कि किसी प्रकार के भ्रम में न आएं। जिले में कहीं पर भी गैस की कालाबाजारी नहीं है।

इन नंबरों पर करें शिकायत

भारत गैस हेल्पलाइन नंबर
1800-22-4344 (टोल फ्री)

इंडेन गैस कस्टमर केयर नंबर
1800-2333-555 (टोल फ्री)

एचपी गैस कस्टमर केयर नंबर
1800-2333-555 (टोल फ्री)

ढाबों और होटल में दिक्कत बढ़ी
व्यावसायिक सिलिंडर की आपूर्ति पर प्रतिबंध लगाने के बाद ढाबा और होटल में दिक्कत बढ़ गई है। संचालकों को सिलिंडर नहीं मिल रहे हैं। वहीं चाय और दूसरी रेहड़ी पर भी व्यावसायिक सिलिंडर नहीं हैं। यहां घरेलू सिलिंडर का प्रयोग बढ़ गया है। लोग सिलिंडर के लिए कई तरह के प्रयास कर रहे हैं।





शादी में टिक्की और दूसरे स्टॉल कम किए
शादी समारोह में टिक्की और दूसरे स्टॉल कम कर दिए हैं। बैंक्वेट हाॅल संचालक और हलवाई लोगों को समझा रहे हैं। ऐसे में आयोजक भी मौजूदा स्थिति को देखते हुए इन सबको हटवा रहे हैं। धर्मबीर ने बताया कि बुधवार को उनकी बेटी की शादी थी। उन्होंने टिक्की और दूसरे स्टॉल बुक कर रखे थे। तीन या चार स्टॉल ही चलवा पाए।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें