इसराना (पानीपत)। राकेश श्योकंद हत्याकांड के आरोपी गैंगस्टर प्रसन्ना उर्फ लंबू गैंग के शूटर अरविंद्र कादियान उर्फ तोता की वीरवार को इसराना में शादी समारोह के दौरान गोली लगने से मौत हो गई। कबड्डी खिलाड़ी एवं सीआरपीएफ जवान अरुण गुलिया की शादी में डीजे पर नाचते वक्त चली गोली तोता के पेट में लगी और हड़कंप मच गया। लोग तोता को एनसी मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर डीएसपी ओमप्रकाश एवं एसएचओ दीपक ने घटनास्थल का जायजा लिया और मौके से एक खोखा बरामद किया। वारदात के बाद आरोपी दोस्त फरार हो गया था। एक घंटे के बाद उसने एनसी मेडिकल कॉलेज में पुलिस को सरेंडर कर दिया। आरोपी ने कुबूल किया कि उसकी डोगा गन से धोखे से गोली चल गई थी। पुलिस ने मृतक तोता के भाई संदीप के बयान पर दोस्त दीपक पर केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया। तोता के शव को सिविल अस्पताल में रखवाया गया है। शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
गांव बुडशाम निवासी कबड्डी खिलाड़ी एवं सीआरपीएफ के जवान अरुण गुलिया की वीरवार को इसराना में शादी थी। अरुण की शादी सीआरपीएफ कर्मी एवं अमृतसर की बॉक्सर सलोनी के साथ हुई है। अरुण गुलिया ने अपने दोस्त गांव सिवाह निवासी अरविंद्र उर्फ तोता को भी समारोह में बुलाया था। दोपहर को शादी में डीजे पर नाचते वक्त गांव बुडशाम निवासी दीपक से उसकी डोगा गन से संदिग्ध परिस्थितियों में गोली चल गई। गोली अरविंद्र के पेट में लगी और वह गिर गया। गोली चलते ही हड़कंप मच गया। दीपक वहां से फरार हो गया। एनसी मेडिकल कॉलेज ले जाते वक्त अरविंद्र की रास्ते में ही मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी दीपक से उसकी डोगा गन भी बरामद कर ली है। अरविंद्र पर कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह राकेश श्योकंद हत्याकांड का भी आरोपी है।
तहसील कैंप में हुई थी राकेश श्योकंद की हत्या, दो माह पहले ही मिली थी जमानत
वर्ष 2016 में तहसील कैंप में प्रॉपर्टी डीलर राकेश श्योकंद की हत्या कर दी गई थी। राकेश अपनी कार से ऑफिस जा रहा था। चलती कार में उस पर फायरिंग की गई थी। राकेश की हत्या का आरोप गैंगस्टर प्रसन्ना उर्फ लंबू पर लगा था। राकेश जींद के एक गैंगस्टर का गुर्गा था। इस हत्याकांड में अरविंद्र उर्फ तोता की भी गिरफ्तारी हुई थी। दो माह पहले ही अरविंद्र को जेल से जमानत मिली थी।
विभिन्न पहलुओं पर की जा रही है जांच
पुलिस ने आरोपी पर केस दर्ज कर लिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल में रखवा दिया गया है। पुलिस मामले की विभिन्न पहलूओं पर जांच कर रही है। - दीपक कुमार, एसएचओ इसराना थाना
इसराना। अरविंद उर्फ सोनू उर्फ तोता। फाइल फोटो।- फोटो : Panipat
इसराना। अस्पताल में मौके पर पहुंचे कर जांच करते हुए एसएचओ इसराना व अन्य।- फोटो : Panipat