पानीपत। सीसीटीवी में कैद बदमाश, लाल घेरे में।
- फोटो : Panipat
पानीपत। तहसील कैंप स्थित जवाहर नगर में मंगलवार सुबह साढ़े आठ बजे बदमाशों ने आधा दर्जन के करीब मकानों के दरवाजे खटखटाए। इस दौरान जो भी घर से निकला, उस पर हमला कर जख्मी कर दिया। हमले में चाचा-भतीजे समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों की मानें तो कालोनी में लोहे के बाक्स बनाने और उस पर पेंट करने की फैक्टरी है, जिससे शोर और प्रदूषण होता है। इसकी शिकायत करने पर आरोपियों ने हमले की वारदात को अंजाम दिया है।
कॉलोनी वासियों ने बताया कि जवाहर नगर में कालू और सचिन की सीताराम पहलवान के नाम से लोहे की अलमारी बनाने की फैक्टरी है, जिसमें वह लोहे के बाक्स, ट्रंक आदि बनाते हैं। इसके अलावा स्प्रे गन से अलमारी और बाक्स पेंट किया जाता है, जिससे प्रदूषण होता है। फैक्टरी सुबह सात बजे शुरू हो जाती है और रात 11 बजे तक चलती है। इस मामले में फैक्टरी मालिक को कई बार बोल चुके हैं, लेकिन कोई फर्क नहीं पड़ा।
इससे परेशान होकर कॉलोनी वासियों ने गत दिनों प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और उपायुक्त को शिकायत दी थी। इसी रंजिश में आरोपी दोनों भाई मंगलवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे अपने परिवार और साथियों के साथ कालोनी में डंडे और रॉड लेकर आए और एक के बाद एक दरवाजा खटखटाने लगे। इस दौरान जो भी बाहर निकला, उस पर हमला कर दिया। इस दौरान करीब 20 मिनट की घटना से कालोनी में दहशत फैल गई। लोगों ने इधर-उधर भागकर जान बचाई।
इस संबंध में अतिरिक्त शहरी थाना प्रभारी यशपाल सिंह का कहना है कि कॉलोनी वासियों की तरफ से शिकायत दी गई है, जिसकी जांच की जा रही है। जल्द ही रिपोर्ट दर्ज कर आगामी कार्रवाई की जाएगी।