जाटल रोड पर रामनगर के सामने वाली गली में दो युवकों ने फैक्टरी से घर लौट रहे एक युवक के पेट और कमर पर चाकू से हमला कर दिया। आरोपी वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। हमले में घायल हुए युवक को पीजीआई खानपुर रेफर किया गया। परिजनों ने पुराना औद्योगिक थाना पुलिस को शिकायत दी है।
जाटल रोड राम नगर निवासी सौरव ने बताया कि वह मेहनत मजदूरी करता है। वह तीन अक्तूबर की रात 10 बजे सनौली रोड पर फैक्टरी से काम खत्म कर घर लौट रहा था। जब वह रामनगर के सामने वाली गली के पास पहुंचा तो एलएसवीटी कॉलोनी में रहने वाले रजत, रीतिक ने उसका रास्ता रोककर उसके साथ मारपीट की। उसने विरोध किया तो आरोपी रीतिक ने उसे थप्पड़ मारने शुरू कर दिए। उसने छुड़वाने की कोशिश की तो आरोपी रीतिक ने उसे पकड़ लिया और रजत ने उस पर कमर व पेट पर पांच जगह चाकू से हमला कर दिया। गली में शोर सुनकर उसकी मां और भाई आए, तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की।
मौके पर जमा हुई भीड़ का फायदा उठाकर आरोपी फरार हो गए। पीड़ित ने बताया कि उसका चाचा उसे खून से लथपथ हालत में उसे सामान्य अस्पताल लेकर पहुंचा। जहां डॉक्टर ने हालत गंभीर देखते हुए उसे खानपुर पीजीआई रेफर कर दिया। पुलिस पीजीआई में बयान दर्ज करने के लिए पहुंची थी, लेकिन हालत गंभीर होने की वजह वह पुलिस को बयान दर्ज नहीं करा पाया था, अब उसने दोबारा शिकायत दी है।
युवक की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है। दोनों युवकों की धरपकड़ के लिए संबंधित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- कमलीत सिंह, पुराना औद्योगिक थाना प्रभारी