पानीपत। ओल्ड इंडिस्टयल एरिया स्थित जैन चौक के पास चोरों ने सूने मकान से जेवर और कपड़े चोरी कर लिए। वारदात के वक्त किराए पर रहने वाला परिवार अपने पैतृक गांव यूपी में गया था। अब मकान मालिक की शिकायत पर ओल्ड इंडस्ट्रियल एरिया थाना पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जैन चौक निवासी बलवान सिंह ने बताया कि वह फिलहाल दिल्ली में रहते हैं और पानीपत के मकान को किराये पर दिया है। किरायेदार कुछ दिन पहले उत्तर प्रदेश गया था। रविवार को पड़ोसियों ने कॉल कर उसे बताया कि मकान के ताले टूटे हुए हैं। उसने किरायेदार को इस बारे में बताया, जिस पर वह सोमवार की शाम को पहुंचा। घर की जांच करने पर पता चला कि चोर घर से एक गैस सिलिंडर, चांदी की दो जोड़ी चुटकी, चांदी की दो जोड़ी कंडूली, सोने के एक जोड़ी टॉप्स और पांच सूट का कपड़ा चोरी कर ले गए।
शक्ति नगर में किराना दुकान से दस हजार रुपये चोरी
पानीपत। शक्ति नगर में चोरों ने एक किराना दुकान में घुसकर दस हजार रुपये एवं सामान चोरी कर लिया। चोर शटर उखाड़कर दुकान में घुसे थे। दुकानदार की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यमुुना एंक्लेव निवासी शुभम कुमार जग्गा ने ओल्ड इंडस्ट्रियल एरिया थाना पुलिस में दी शिकायत में बताया कि उसकी शक्ति नगर में किराना दुकान है। मंगलवार की रात साढ़े आठ बजे दुकान बंदकर घर आ गया था। रात करीब 10 बजे उसे फोन पर सूचना मिली कि दुुकान का शटर उखड़ा हुआ है। चोरों ने दुकान से 10 हजार रुपये और खाने का सामान चोरी किया था। अब पुलिस ने मामले में अज्ञात पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ब्यूरो