पानीपत। आईटीआई में दाखिले को लेकर वीरवार को पहली मेरिट लिस्ट जारी हो गई है। ऑनलाइन दाखिला आवेदन करते हुए छात्रों ने जो मोबाइल नंबर पंजीकृत करवाए थे, उन पर मैसेज भी आ गया। जिन छात्रों का नाम प्रथम मेरिट लिस्ट में आया है, अब उनके दस्तावेजों का भौतिक सत्यापन सात जुलाई तक होगा। वहीं, आठ जुलाई तक फीस जमा करवाई जाएगी और नौ जुलाई को खाली सीटों की फिर से जानकारी चस्पा की जाएगी। इसके बाद नौ से 10 जुलाई को दोबारा से पोर्टल खोला जाएगा, जिसमें विद्यार्थी विषय में बदलाव कर सकते हैं। इसके बाद 11 जुलाई को दूसरी मेरिट लिस्ट होगी।
वहीं, पहली मेरिट लिस्ट में नाम आने पर विद्यार्थियों के चेहरे खिल उठे। कई विद्यार्थी दाखिला करवाने के लिए औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में पहुंचे। वीरवार को पहले दिन प्रदेश में 842 आवेदन सत्यापित किए गए जिनमें से 561 के दाखिले किए गए। इनमें राजकीय आईटीआई में 495 और निजी आईटीआई में 61 दाखिले हुुए।
दाखिले के लिए इन दस्तावेज की आवश्यकता : आईटीआई में दाखिला लेते समय विद्यार्थियों को हस्ताक्षर युुक्त फोटो, आधार कार्ड, 10वीं, 12वीं की अंकतालिका, परिवार पहचान-पत्र, बैंक खाता, मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी, आय प्रमाण-पत्र, जाति प्रमाण-पत्र आदि जरूरी दस्तावेज प्रस्तुुत करने होंगे।
18 ट्रेडों में कट ऑफ लिस्ट 100 के पार : कट ऑफ लिस्ट बहुत हाई रही। कारपेंटर, कंप्यूटर आप्रेटर प्रोग्रामिंग, फायर टेक्नोलॉजी, इलेक्ट्रिीशियन, फिटर, फिटर डयूल मोड, लेबोरेट्री असिस्टेंट केमिकल प्लांट, मशीनिस्ट, मैकेनिक मोटर व्हीक्ल, मैकेनिक कंज्यूमर इलेक्ट्रोनिक्स, प्लंबर, रेफ्रिजरेटर एंड एयर कंडीशनर टैक्नीशियन ड्यूल, स्टेनोग्राफर इंग्लिश, स्टेनोग्राफर हिंदी, टर्नर, वेल्डर ड्यूल, वायरमैन ड्यूल ट्रेड के लिए कट ऑफ लिस्ट सौ प्रतिशत से ऊपर रही।