पानीपत। नहरी विभाग ने मॉडल टाउन से लेकर जाटल रोड तक पानीपत माइनर को कब्जा मुक्त करवाने की कार्रवाई एक बार फिर से शुरू कर दी है। इस बार फिर विभाग ने सबसे पहले बाल विकास स्कूल की ओर से ध्वस्तीकरण अभियान चलाया। सबसे पहले नहरी विभाग के ही खाली क्वार्टरों को ध्वस्त किया है। अधिकारियों ने दावा किया है कि वे अब इस कार्रवाई को नियमित चलाएंगे। इसके लिए नगर निगम से एक्सईएन नवीन और सुंदर श्योराण समेत एटीपी नवीन को बतौर ड्यूटी मजिस्ट्रेट लिया गया है।
करीब चार महीने से लंबित इस कार्रवाई में काबिज लोगों ने इस संबंध में अपील न्यायालय में लगाई थी। अधिकारियों ने बताया कि उनकी अपील को खारिज कर दिया गया है। जिसके बाद फिर से कार्रवाई शुरू की गई है। वहीं चार माह से कार्रवाई न होने से जिन लोगों ने अपने आप कब्जा छोड़ा था वे फिर से यहां आकर बसने लगे है। अब अधिकारियों ने उनको जमीन छोड़ने की अंतिम चेतावनी दी है। बता दें कि पानीपत माइनर की इस जमीन पर 52 फीट चौड़ा रोड प्रस्तावित है। ये रोड बाल विकास स्कूल से लेकर जाटल रोड तक यहां से गोहाना रोड तक जाएगा। इस जमीन पर करीब 112 लोगों ने कब्जे किए थे। इनमें से 103 लोगों ने मकान तक बना लिए थे। जिनमें मकान मालिकों समेत किराएदारों के करीब 300 परिवार रहते थे। विभाग ने अपनी जमीन को कब्जा मुक्त करवाने के लिए इनको नोटिस तक दिए। जिसके बाद जनवरी में कब्जों को छुड़वाने के लिए विभाग ने ध्वस्तीकरण अभियान भी चलाया। जिसका स्थानीय लोगों ने काफी विरोध भी किया गया। अब फिर से यहां विभाग कार्रवाई करने जा रहा है।
बाक्स
ये है मामला-
वर्षों पहले असंध रोड नाके से लेकर शुगर मिल तक दिल्ली पैरलल नहर से एक पानीपत माइनर यानी रजबाहा मॉडल टाउन से होते हुए शुगर मिल तक जाता था। बताया जा रहा है कि करीब 40- 50 साल पहले इस माइनर को बंद कर दिया गया था। ये जमीन सिंचाई विभाग की थी। माइनर बंद होने के बाद इस जमीन पर सैकड़ों लोगों ने अपने घर बना लिए। किसी ने इस जमीन को पार्क में तब्दील किया तो किसी ने पार्किंग बना दी। इस जमीन पर अब मॉडल टाउन के बाल विकास स्कूल से लेकर जाटल रोड तक लोगों ने कब्जे किए हैं। इसी जमीन पर दो मंदिर भी बने हैं। कई साल पहले विभाग ने कब्जाधारियों से इस जमीन को छुड़वाने का प्रयास भी किया था लेकिन कुछ लोगों ने इस कार्रवाई पर कोर्ट केस कर दिया था। अब कोर्ट ने सिंचाई विभाग के हक में फैसला दे दिया है। जिसके बाद विभाग ने जमीन पर कब्जा करने वाले लोगों को नोटिस भी दिए और कार्रवाई भी की।
वर्जन-
पानीपत माइनर की जमीन को कब्जा मुक्त कराने की कार्रवाई शुरू कर दी है। अब ये कार्रवाई नियमित चलेगी। यहां जो लोग वापस आकर बसे हैं उनको अंतिम चेतावनी जारी कर दी गई है।
सुरेश सैनी, एक्सईएन, सिंचाई विभाग।