संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत। आईबी पीजी कॉलेज के इंटर्नशिप सेल ने प्रगति परिवार समिति, कुरुक्षेत्र के सहयोग से साइंस ब्लॉक स्थित सेमिनार हॉल में इंटर्नशिप कार्यक्रम का आयोजन किया। इस अवसर पर एमए और एमकॉम के लगभग 132 स्नातकोत्तर विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के शुभारंभ पर प्राचार्य डॉ. सतवीर सिंह ने कहा कि महाविद्यालय केवल शैक्षणिक शिक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को व्यावहारिक अनुभव और कौशल विकास के अवसर प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि इंटर्नशिप विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ाने और उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
इंटर्नशिप सेल की संयोजिका माधवी ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को सामाजिक परियोजनाओं पर कार्य करने, नेतृत्व क्षमता विकसित करने, संचार कौशल को मजबूत करने और टीम भावना के साथ कार्य करने का अवसर प्रदान करना है।
कार्यक्रम के सफल संचालन में सॉफ्ट स्किल्स ट्रेनर शिखा जुनेजा और स्किल कोऑर्डिनेटर शालू का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर सहायक प्रोफेसर राजेश बाला, रेखा शर्मा, डॉ. पूजा, राहुल और डॉ. बिजेंद्र भी उपस्थित रहे।