प्रदर्शन करते इनेलो कार्यकर्ता। संवाद
इसराना। इनेलो कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को अनाज मंडी के गेट पर फायर बिग्रेड की गाड़ियां खड़ी करने और किसानों की अन्य मांग पूरी करने के लिए विरोध प्रदर्शन किया। इसराना, मतलौडा और बापौली तीनों में से किसी भी खंड में फायर बिग्रेड की गाड़ी न होने पर किसानों और इनेलो कार्यकर्ताओं ने रोष जताया। वहीं पानीपत अनाज मंडी में इनेलो ने किसानों से खरीद के लिए चर्चा की।
हलका प्रधान एडवोकेट राजेंद्र जागलान ने कहा कि गेहूं कटाई का सीजन शुरू हो चुका है लेकिन दमकल विभाग की ओर से इसराना, मतलौडा और बापौली खंड में गाड़ी तैनात नही की गई हैं। तीनों खंड पानीपत शहर से करीब 20 किलोमीटर दूर हैं। वहां से खंड तक गाड़ी पहुंचने में करीब आधा घंटे का समय लग जाता है। वहीं अब 8 अप्रैल से दमकल कर्मियों की हड़ताल चल रही है। यदि तीनों खंडों में गेहूं की फसल में आग लगने की घटना हो जाए तो काबू पाना मुश्किल होगा।
जिला अग्निशमन अधिकारी गुरमेल सिंह ने बताया कि दमकल विभाग के कर्मियों की हड़ताल अभी चल रही है। आग की घटनाओं को रोका जा रहा है। तीनों खंडों में फायर बिग्रेड की एक-एक गाड़ी जल्द ही तैनात की जाएगी। इस अवसर पर भूपेंद्र जागलान, नीरज पूठर, डाॅ. जगबीर जौंधन, कुलदीप घनघस, सन्नी शाहपुर, ओमप्रकाश, संदीप नौल्था, राजेश व वीरेंद्र उपस्थित रहे।
प्रदर्शन करते इनेलो कार्यकर्ता। संवाद