समालखा। तोताराम मार्केट में दिनदहाड़े गांव चुलकाना के कुछ युवकों ने मारपीट करते हुए एक दुकान से 20 हजार रुपये लूट लिए। इसके बाद आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए। पीड़ित का आरोप है कि एक दिन पहले गांव चुलकाना का एक युवक दुकान पर पहुंचा था और उसने हर महीने 10 हजार रंगदारी और कपड़े देने की मांग की थी, लेकिन उसने मना कर दिया था। सूचना पर पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल की।
पुलिस को दी शिकायत में प्रिंस निवासी गांव पावटी ने बताया कि उसकी तोताराम मार्केट में ब्रेंड एक्स के नाम से गारमेंट की दुकान है। दो दिसंबर को वह अपनी दुकान पर बैठा था। इसी दौरान गांव चुलकाना से बलराम उर्फ बल्ला वहां पहुंचा और हर महीने 10 हजार रंगदारी तथा कपड़े देने की मांग की, लेकिन उसने मना कर दिया। तीन दिसंबर करीब 2 बजे उक्त आरोपी अपने आधा दर्जन से अधिक साथियों के साथ लाठी-डंडों व तेजधार हथियार के साथ पहुंचा और मारपीट करने लगे।
आरोपियों ने गल्ले से 20 हजार नकदी लूट ली और जाते हुए जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। आरोपियों के भागते वक्त एक आरोपी की बाइक को उन्होंने पकड़ लिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। इस बारे में चौकी इंचार्ज हरनारायण का कहना है कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।