एक ओर वीरवार को हम महिला को पुरुष के सामान अधिकार मिलने की खुशी में महिला समानता दिवस मना रहे हैं, दूसरी ओर पानीपत में एक मामला दर्ज हुआ है। जिसके अनुसार महिला ने बेटी को जन्म दिया तो पति बोला, तूने 20 लाख रुपये का कर्ज पैदा किया है, अब इसे तुम ही भुगतो और वह पत्नी और बेटी को अस्पताल में ही छोड़कर चला गया। मायके पक्ष के लोगों ने इलाज का खर्च देकर मां और नवजात बेटी की अस्पताल से छुट्टी कराई। वहीं पति कोर्ट में तलाक की याचिका डालकर दूसरी शादी करने की फिराक में है। पीड़ित ने पति के खिलाफ महिला थाना पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में एक महिला ने बताया कि उसकी शादी असम में गुवाहाटी के गणेशपुरी में रहने वाले विजय शर्मा से हुई थी। परिवार ने शादी में 12 लाख रुपये से अधिक खर्च किया और दहेज भी दिया था। इसके बावजूद उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाने लगा। पति ने अपने लिए छह तोले के जेवरात, सास ने सोने के कंगन और ननद ने सोने के टोप्स की मांग की। उसने मायके से लाने से मना किया तो पति ने उसके साथ मारपीट की। शादी के कुछ दिन बाद वह गर्भवती हुई। आरोपियों ने गर्भावस्था में भी उसके साथ मारपीट की। पीड़ित ने कुछ दिन बाद एक बेटी को जन्म दिया, इसी वजह से आरोपी पति उसे अस्पताल में छोड़कर फरार हो गया। उसने अपने मायके में फोन किया तो भाई ने मौके पर पहुंचकर इलाज का खर्च दिया और छुट्टी कराई। इसके बाद पीड़ित की विधवा मां ने पीलेये में 70 हजार रुपये खर्च कर उन्हें सामान दिया, लेकिन वह खुश नहीं हुए और उसके साथ दोबारा मारपीट शुरू कर दी।
बेटी को बोझ मान रहा पिता, बोला- 20 लाख का खर्चा पैदा कर दिया
पीड़ित ने आरोप लगाया कि उसका पति अपनी ही बेटी को बोझ मान रहा है। उसे बार-बार कहता कि तूने 20 लाख रुपये का खर्चा पैदा कर दिया है। इसका खर्चा भी तेरी मां ही उठाएगी। इतना कहकर उसे घर से निकाल दिया। वह तीन साल तक अपने मायके में रही और बेटी को पानीपत में एक स्कूल में दाखिला कराया।
दोबारा गर्भवती हुई तो कराया गर्भपात, बोला- दोबारा लड़की को ही जन्म देगी
पीड़ित ने बताया कि वह अपने मायके आकर रहने लगी थी, लेकिन आरोपी पति पंचायत लेकर आया और माफी मांगी। इसके बाद वह पति के साथ असम चली गई। कुछ दिन बाद फिर वही प्रताड़नाएं दी जाने लगी। वह दूसरी बार गर्भवती हुई तो आरोप है कि उसका गर्भपात करा दिया गया। पति ने कहा कि दोबारा यहां बेटी को जन्म देगी।
किसी और महिला से करना चाहता है शादी
पीड़ित का आरोप है कि पति की मारपीट से परेशान होकर उसने आत्महत्या करने की ठान ली थी, लेकिन उसका भाई उसे असम से पानीपत ले आया था। बेटा पैदा न करना और दहेज की मांग पूरी न करने पर उसके साथ ऐसा व्यवहार किया जा रहा है। पति उससे उससे तलाक लेना चाहता है। यहां तक की कई बार वह वकील को भी साथ लेकर आ चुका है। पति अब दूसरी महिला से शादी करना चाहता है।
पुलिस ने महिला की शिकायत पर पति समेत तीन के खिलाफ किस दर्ज कर लिया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जांच में जो भी दोषी मिलेगा उसे गिरफ्तार किया जाएगा।
-इंस्पेक्टर सुनीता, महिला थाना प्रभारी