पानीपत। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण ने मंगलवार को पांच सेक्टर में 39 रिहायशी प्लॉट की ऑनलाइन बोली की। विभाग की ओर से इन प्लॉट का ब्रेस प्राइज 4.27 करोड़ रखा गया था। ये प्लॉट 6.50 करोड़ रुपये के बिके। विभाग प्लॉट बेचकर आर्थिक स्थिति से उभरने का प्रयास कर रहा है। छह घंटे चली ऑनलाइन बोली में खरीददारों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अब विभाग वीरवार को 27 कामर्शियल साइट की बोली करेगा।
सबसे पुराने सेक्टर-12 में 17 प्लॉट की बोली हुई है। सेक्टर-25 पार्ट-2 के 10, सेक्टर-18 के 9, सेक्टर-13/17 के 2 और सेक्टर-24 के एक रिहायशी प्लॉट की बोली हुई है। विदित है सरकार की ओर से दो साल पहले विभाग को एक हजार करोड़ रुपये की भूमि बेचने का टॉरगेट मिला था। विभाग अब तक 320 करोड़ रुपये की भूमि बेच चुका है। विभाग अपनी भूमि बेचकर आर्थिक स्थिति सुधारने व सेक्टर को आबाद करने का प्रयास कर रहा है। इस बारे में संपदा अधिकारी अनुपमा मलिक ने बताया कि ऑनलाइन बोली हुई है। वीरवार को कामर्शियल प्लॉट की बोली होगी।