पानीपत। यूपीएससी-2023 की परीक्षा के नव चयनित जसवंत मलिक का रविवार काे लतीफ गॉर्डन कॉलोनी स्थित शिव मंदिर सामुदायिक भवन में समारोह का आयोजन कर सम्मानित किया गया। जसवंत मलिक मूल रूप से सींक गांव व हाल में शांति नगर में रहते हैं। उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया और पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत ने भी उनको शुभकामनाएं दी। जसवंत मलिक ने उनसे रविवार को शिष्टाचार भेंट की थी।
लतीफ गॉर्डन और शांति नगर वेलफेयर सोसायटी द्वारा रविवार को लतीफ गॉर्डन कॉलोनी स्थित शिव मंदिर सामुदायिक भवन में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। लोगों ने जसवंत मलिक का फूल मालाओं व पगड़ी पहनाकर स्वागत किया। जसवंत मलिक ने कहा कि उन्होंने हरियाणा में पिछले वर्ष एचसीएस में चयनित होने पर भी अपनी पढ़ाई जारी रखी। जिसके फलस्वरूप यूपीएससी परीक्षा में 115 वां रैंक हासिल किया है। सिविल सर्विस में आने के बाद गर्व महसूस हो रहा है। वह देश और समाज की सेवा के लिए काम करेंगे। उन्होंने कहा कि पीड़ितों को न्याय दिलवाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। मलिक ने बताया कि उनकी इस उपलब्धि में परिवार का बहुत बड़ा हाथ है। खासकर उनके पिता और उनके वरिष्ठ लोगों ने उन्हें बहुत सहयोग किया और उनका मार्गदर्शन किया।
बॉक्स
पिता ने शिक्षा पर रखा पूरा फोकस
जसवंत मलिक के पिता सुरजीत मलिक शिक्षा विभाग हरियाणा में अध्यापक हैं। उन्होंने बताया कि उनके पिता ने स्कूल में बच्चों को पढ़ाने के बावजूद छुट्टी होते ही मेरी पढ़ाई को लेकर शुरू से ही पूरा फोकस रखते थे। सुरजीत मलिक ने बताया कि उन्हें अपने बेटे की उपलब्धि पर गर्व है। एक माता-पिता के लिए इससे बड़ा सम्मान कुछ नहीं हो सकता। इस मौके पर जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी राकेश बुरा, प्रधान जगबीर धनखड, चांद सिंह ढांडा, सुरेंद्र नवनीत खर्ब, डॉ. रिंकू सांगवान, पालेराम जागलान, रामकुमार सैनी, मास्टर बलबीर नैन, सुरेश मलिक व करतार देशवाल मौजूद रहे।