पानीपत। गर्मी बढ़ने के साथ लू चलने की संभावना भी बढ़ गई है। रविवार को अधिकतम तापमान 36 और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विशेषज्ञों ने अगले कई दिन गर्मी के साथ तापमान भी बढ़ने का अनुमान जताया है। प्रशासन ने इसको देखते हुए एडवाइजरी जारी की है।
उपायुक्त एवं जिला आपदा एवं प्रबंधन प्राधिकरण के चेयरमैन डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया ने बताया कि गर्मी के मौसम में हवा के गर्म थपेड़ों और बढ़े हुए तापमान से लू लगने का खतरा बढ़ जाता है। खासकर धूप में घूमने वालों, खिलाड़ियों, बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों को लू लगने का डर ज्यादा रहता है। लू लगने पर उसके इलाज से बेहतर है, हम लू से बचे रहें यानी बचाव इलाज से बेहतर है। उन्होंने कहा कि राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा जनहित में लू से बचाव के लिए एडवाइजरी जारी की है।
बॉक्स
लू से बचाव के लिए अपनाएं ये उपाय
गर्मी में हल्के रंग के ढीले सूती कपड़े पहनें। अपना सिर ढककर रखें, कपड़े, हैट या छतरी का उपयोग करें, पर्याप्त मात्रा में पानी पीएं। ओआरएस (ओरल रीहाइड्रेशन सॉल्यूशन), घर में बने पेय जैसे लस्सी, तोरानी (चावल का मांड) नींबू पानी व छाछ आदि का सेवन कर तरोताजा रहें। पशुओं को भी गर्मी से बचाकर रखें।
बॉक्स
41 डिग्री तक बढ़ सकता है तापमान
मौसम विशेषज्ञों ने बताया कि सोमवार को हल्के बादल छाए रह सकते हैं। इन सबके बीच अधिकतम तापमान दो डिग्री बढ़कर 38 डिग्री तक पहुंच सकता है। तीन मई को बादल छाने से कुछ राहत मिल सकती है। इसके बाद अगले सोमवार तक अधिकतम 41 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री तक पहुंच सकता है।