पानीपत। शहर के हिस्से में जीटी रोड चौड़ीकरण का कार्य तेज कर दिया है। इसको बारिश के सीजन से पहले पूरा करने की तैयारी है। इसके मूर्त के बाद सर्विस लेन और जीटी रोड के बीच ड्रेन नहीं रहेगी। इसको दुकानों के साथ बना दिया जाएगा। इससे शहर में जीटी रोड पर दोनों तरफ एक-एक लेन और बढ़ जाएगी।
जीटी रोड को शहर के हिस्से में चौड़ा करने का प्रस्ताव है। एनएचएआई ने गत दिनों इसका निर्माण कार्य शुरू कर दिया है। पहले दोनों तरफ ड्रेन बनाई जा रही है। इससे दूषित पानी की लाइन को जोड़ा जाएगा। इसके साथ सर्विस लेन पर सड़क बनाकर जीटी रोड के साथ जोड़ा जाएगा। तहसील कैंप और जिला सचिवालय की तरफ से इसका काम चल रहा है। इससे शहर में जाम की समस्या खत्म होगी।
बारिश से पहले पूरा करने की तैयारी
जीटी रोड चौड़ीकरण के प्रोजेक्ट को बारिश के सीजन से पहले शुरू करने की तैयारी है। ताकी किसी तरह से यातायात प्रभावित न हों। एनएचएआई के अधिकारियों ने बताया कि निर्माण कार्य में समय अवधि का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। उपायुक्त ने इसका बुधवार को निरीक्षण भी किया है।
बिजली के खंभे जल्द हटाएगा निगम
सर्विस लेन और फुटपाथ पर बिजली के खंभे लगे हुए हैं। बिजली निगम को इनको शिफ्ट करना है। पानीपत शहरी विधायक प्रमोद विज ने गत दिनों अधिकारियों के साथ मौका मुआयना किया था। अधिकारियों को इनको शिफ्ट करने के आदेश दिए थे। बिजली निगम के एसई धर्म सिंह सुहाग ने बताया कि सिटी सब डिविजन को लाइन व खंभों को शिफ्ट करना है। इस कार्य को जल्द शुरू कर दिया जाएगा।