पानीपत। सनौली रोड पर मेडिकल स्टोर से दवा लेकर लौट रही एक महिला को तीन महिलाओं ने सम्मोहित कर लिया। महिला को अपनी बातों में उलझाकर उसके सोने के जेवर उतरवा लिए। ठग महिला पीड़िता को कपडे़ में बांधकर 10 रुपये का सिक्का देकर फरार हो गई। महिला जब सम्मोहन से होश में आई तो उसे अपने साथ लूट होने का पता लगा। इसके बाद वह घबरायी हुई घर पहुंची और सारी बात परिजनों को बताई। परिजनों ने डायल 112 पर कॉल की। कॉल करने के बाद चांदनीबाग थाना पुलिस पीड़िता के पास पहुंची। पुलिस ने उससे पूछताछ की। थाना चांदनी बाग पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर अज्ञात के खिलाफ आईपीसी की धारा 420, 406 व 34 के तहत केस दर्ज किया।
पुलिस को दी शिकायत में वार्ड आठ रमायणी चौक निवासी 50 वर्षीय बबली रानी ने बताया कि शनिवार को वह सनौली रोड शिव चौक स्थित एक डॉक्टर से अपने घुटने के दर्द की दवाई लेने गई थी। शाम करीब छह बजे जब वह डॉक्टर से दवाई लेकर वापस घर की ओर जा रही थी। रास्ते में उसे तीन अज्ञात महिलाएं मिलीं। वे तीनों उससे से बात करने लगीं। बातों के दौरान उन्होंने उसे सम्मोहित कर दिया। वे उसे इधर-उधर घुमाती रहीं, फिर वे उसे भीम गोडा चौक पर ले गईं और उससे सोने की बालियां व सोने का मंगलसूत्र उतरवा लिया। बदले में महिलाओं ने एक सफेद रुमाल दिया इसमें 10 रुपये का सिक्का था। ठग महिलाओं ने बबली को कहा कि वो इस कपड़े को घर में जाकर खोलकर देखे। घर आकर बबली को ठगी का अहसास हुआ। अब महिला ने पुलिस से आरोपी महिलाओं को पकड़ने की मांग की है।