हरियाणा के पानीपत में एक युवक को उसकी प्रेमिका ने पति व रिश्तेदारों के साथ मिलकर मौत के घाट उतार दिया। पानीपत के गांव सुताना में युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद उसका शव पल्ली में बांधकर नहर में फेंक दिया। युवक को उसकी प्रेमिका ने ही कॉल कर अपने घर बुलाया था। रात को उसके पति, पड़ोसी व रिश्तेदारों ने युवक को बुरी तरह से पीटा, जिससे उसकी मौत हो गई। युवक का पांच दिन के बाद रोहतक में नहर में शव मिला है। मृतक की पहचान सोनीपत के खिजरपुर गांव निवासी संदीप (28) के तौर पर हुई है।
मृतक संदीप के भाई सुभाष ने उसकी प्रेमिका समेत छह-सात लोगों पर उसकी हत्या का आरोप लगाया है। शव को रोहतक पीजीआई के शवगृह में रखवाया गया है। शनिवार को पोस्टमार्टम होगा। रोहतक सदर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सुभाष ने बताया कि कि उनकी पानीपत के गांव सुताना में रिश्तेदारी है। इसी गांव की महिला अनु के साथ संदीप के प्रेम संबंध थे। यह दोनों मोबाइल पर बात भी करते थे। 15 सितंबर को अनु ने संदीप को पड़ोसन के मोबाइल से कॉल कर बुलाया था। संदीप घर से मोटरसाइकिल लेकर निकला था। इसके बाद वह वापस नहीं आया। उन्होंने 17 सितंबर को गन्नौर पुलिस थाना में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दी।
हाथ में बने मां के टैटू से हुई पहचान
गन्नौर पुलिस ने संदीप के मोबाइल की लोकेशन जांची तो उसकी आखिरी लोकेशन सुताना गांव में मिली। वहां गन्नौर पुलिस ने कार्रवाई से इनकार कर दिया। वह अपनी शिकायत लेकर पानीपत के पुराना औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस के पास पहंचे। यहां उन्होंने गुमशुदगी का केस दर्ज किया। शुक्रवार शाम को रोहतक की नहर में युवक का शव मिला था। रोहतक पुलिस ने पुराना औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस से शव के बारे में संपर्क किया। वह रोहतक में शव की पहचान करने पहुंचे। यहां पल्ली में शव बंधा हुआ था। उसके हाथ पर एक टैटू बना था। उन्होंने टैटू से संदीप की पहचान की। क्योंकि संदीप ने हाथ पर अपनी मां का टैटू बनवाया था। शव पर मारपीट के निशान थे। सुभाष का आरोप है कि संदीप को अनु के पति सुनील ने अपने कई रिश्तेदारों के साथ मिलकर पीट पीटकर मौत के घाट उतारा है।
पड़ोसियों ने की थी बचाने की कोशिश
मृतक संदीप के भाई सुभाष ने बताया कि अब तक जांच में पता चला है कि 15 सितंबर की रात को अनु के घर से एक युवक की चिल्लाने की आवाज आ रही थी। रात को ये आवाज सुनकर पड़ोसी जाग गए थे। पड़ोसियों ने अनु के मकान का गेट खोला तो गंभीर रूप से घायल संदीप ने यहां से भागने की कोशिश की, लेकिन वह घायल अवस्था में भाग नहीं पाया और गली में गिर गया। अनु के पति सुनील ने पड़ोसियों को बताया कि यह चोर है उनके घर में चोरी करने घुसा था। इसके बाद वह संदीप को घसीटकर दोबारा घर में ले गए और उसकी हत्या कर दी।
क्या कहते हैं अधिकारी
पुराना औद्योगिक क्षेत्र पुलिस थाना के जांच अधिकारी सतीश कुमार ने बताया कि इस मामले में रोहतक की सदर थाना पुलिस ने केस दर्ज किया है। यह घटना सुताना गांव की है। युवक की हत्या कर शव को पल्ली में बांधकर नहर में फेंका गया था। मामले की जांच की जा रही है।