पानीपत में जीटी रोड पर होटल हाइव के पास शनिवार सुबह 8 बजे रोडवेज बस चालक ने स्कूटी सवार फ्रूट चाट विक्रेता को टक्कर मार दी और फरार हो गया। लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी, शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को सामान्य अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए शव गृह में रखवाया और आगामी कार्रवाई शुरू की।
पचरंगा बाजार निवासी गौरव ने बताया कि उसके मामा सुरजीत (55) उनके पास ही रहते थे। वह सुखदेव नगर में गेट नंबर एक के पास फ्रूटचाट की रेहड़ी लगाता है। हर रोज की तरह एक्टिवा पर सवार होकर सुबह सात बजे वे सब्जी मंडी में फल खरीदने गए थे। फल खरीदकर घर लौटते समय जब वह होटल हाइव के पास पहुंचे तो पीछे से तेज रफ्तार रोडवेज बस चालक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह सड़क पर जा गिरे। बस चालक ने उनके ऊपर पहिया चढ़ा दिया और फरार हो गया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंचे।
बेटी और पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल
परिजनों ने बताया कि सुरजीत शादीशुदा था। उसकी 16 वर्षीय बेटी धरिता है जो 10वी कक्षा में पढ़ती है। हादसे के बाद मृतक की पत्नी प्रवीन कौर और बेटी का रो-रोकर बुरा हाल है। सुरजीत पिछले करीब 25 साल से अपनी बहन उषा के साथ रहते थे।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी और शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया है। परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे है।
- इंस्पेक्टर बलराज सिंह, शहर थाना प्रभारी