पानीपत। वर्ष 2022 के पहले चरण के शादी के शुभ मुहूर्त सोमवार 21 फरवरी को संपन्न हो चुके हैं। बुधवार 23 फरवरी से देव गुरु बृहस्पति अस्त हो जाएंगे। इसके बाद लगभग 54 दिन के लिए शादी की शहनाइयों पर विराम लग जाएगा। दूसरे चरण के शादी के शुभ मुहूर्त 15 अप्रैल से शुरू होंगे।
ज्योतिषाचार्य पंडित राधे राधे महाराज ने बताया कि इस साल 15 जनवरी से शुरू हुए शादियों के मुहूर्त पर लगभग दो महीनों के लिए विराम लग गया है। शादी के लिए फरवरी का अंतिम मुहूर्त 21 फरवरी यानि सोमवार रहा। इसके बाद 15 अप्रैल तक शादी-विवाह का कोई शुभ मुहूर्त नहीं है।
इस साल शादी के लिए 69 शुभ मुहूर्त
पंचांग के मुताबिक, 21 फरवरी सोमवार के बाद पूरे मार्च और आधे अप्रैल तक शादी के लिए कोई लग्न नहीं है। तकरीबन दो महीने बाद 15 अप्रैल से शादी के लिए लग्न शुरू होगा। इस साल शादी के लिए करीब 69 शुभ मुहूर्त हैं। इनमें अप्रैल में 10, मई में 19, जून में 17, जुलाई में 09 नवंबर में 5 और दिसंबर में 9 शुभ मुहूर्त हैं।
देवगुरु बृहस्पति रहेंगे अस्त
ज्योतिष शास्त्र के मुताबिक 23 फरवरी से 26 मार्च तक देवगुरु बृहस्पति अस्त रहेंगे। साथ ही 14 मार्च से 14 अप्रैल तक मीन खरमास रहेगा। इसकी वजह से शादी के लिए शुभ मुहूर्त नहीं हैं। इसके अलावा 10 जुलाई देवशयनी एकादशी से चार नवंबर देवोत्थान एकादशी तक चातुर्मास होने के कारण चार महीने विवाह आदि शुभ कार्य नहीं होंगे।
शादी शुभ मुहूर्त 2022
अप्रैल- 15, 16, 17, 18, 19, 20, 21, 22, 23, 27
मई- 2, 3, 4, 9, 10, 11, 12, 13, 14, 15, 17, 18, 19, 20, 21, 24, 25, 26, 31
जून- 1, 5, 6, 7, 8, 9, 10, 11, 12, 13, 14, 15, 16, 17, 21, 22, 23
जुलाई- 2, 3, 4, 5, 6, 7, 8, 9, 10
नवंबर- 24, 25, 26, 27, 28
दिसंबर- 2, 3, 4, 7, 8, 9, 14, 15, 16