पानीपत। थाना चांदनीबाग क्षेत्र की कृष्णा गार्डन कॉलोनी में रविवार रात को हुई श्रमिक मनीष गुप्ता की हत्या के मामले में पुलिस ने खुलासा कर दिया। मृतक के दोस्त विनयदीप निवासी अजलोटा मथूरा ने पहले साथ बैठकर खाना खाया और फिर रात को सिलिंडर सिर में मारकर उसकी हत्या कर दी। सीसीटीवी के आधार पर आरोपी की पहचान हुई थी। आरोपी भागने की फिराक में था लेकिन शहर थाना पुलिस ने आरोपी को काबू कर चांदनीबाग थाना पुलिस को सौंप दिया।
आरोपी को मंगलवार को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने का प्रयास किया जाएगा। चांदनीबाग थाना प्रभारी महिपाल सिंह ने बताया कि रविवार रात को कृष्णा गार्डन कॉलोनी गली नंबर तीन में श्रमिक मनीष गुप्ता निवासी देवरिया की हत्या कर दी गई थी। सिर में छोटा गैस सिलिंडर मारकर हत्या की गई थी। सोमवार सुबह उनका शव कमरे में पड़ा मिला था।
पुलिस न शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी थी और परिजनों को इसकी सूचना दी थी। मंगलवार को मृतक मनीष के परिजन पानीपत पहुंचे। मृतक के पिता मुन्ना लाल ने प्राथमिकी दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि मनीष करीब तीन माह पहले पानीपत में आए थे। जहां पर वह कमरा किराये पर लेकर रहते थे वहां पर मथुरा का विनयदीप भी किराये पर रहता था। जिस पर उन्होंने शक जाहिर किया।
तुरंत ही पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की गई। संदिग्ध का फोटो सभी थाना पुलिस को भेजकर जांच की गई। इस दौरान शहर थाना पुलिस टीम ने आरोपी को काबू कर लिया और चांदनीबाग थाना पुलिस को सौंप दिया। चांदनीबाग थाना पुलिस ने पूछताछ की तो आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार की। आरोपी ने बताया कि वह और मनीष एक ही कंपनी में लोडिंग का काम करते थे। कुछ दिन पहले उनका किसी बात पर विवाद हो गया था। जिससे आरोपी मनीष उससे रंजिश रखने लगा था। रविवार रात को आरोपी उसके कमरे पर आया।
जहां दोनों ने खाना खाया और सो गए। जब मनीष सो गया तो आरोपी ने मौका देखकर उसके सिर में छोटा गैस सिलिंडर मारकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। बुधवार को आरोपी को अदालत में पेश किया जाएगा। उधर, मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।