महिला के खाते से उसकी एफडी के रुपये के 1 लाख 20 हजार रुपये किसी दूसरे के खाते में धोखाधड़ी से चले गए। महिला ने बैंक मैैनेजर सहित दो के खिलाफ पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी।
थाना शहर पुलिस को दी शिकायत में अंगूरी देवी सफीदों ने बताया कि उसका जीटी रोड स्थित एसबीआई मेन ब्रांच में खाता है। उसके खाता नंबर की एफडी पूरी हो गई थी। जिस खाते में 31 जुलाई की शाम 5 बजे 1 लाख 50 हजार 325 रुपये थे। 1 अगस्त को एफडी करवाने के लिए अंगूरी बैंक में आई तो, उसे मालूम हुआ कि उसके खाते से 1 लाख 20 हजार रुपये कम हो गए थे। ज्यादा जानकारी लेने पर मालूम हुआ कि 31 जुलाई की शाम 5 बजे के बाद 20 हजार रुपये एटीएम और 40 हजार रुपये खाते से ट्रांसफर हो गए है। इसी प्रकार 1 अगस्त को 20 हजार रुपये एटीएम व 40 हजार रुपये ट्रांसफर किए गए। जिसकी शिकायत पीड़िता ने बैंक चीफ मैनेजर से बात करनी चाही, तो वो महिला से बदतमीजी पर उतारू हो गया। मैनेजर ने कहा कि उसने न तो रुपये एटीएम से निकलवाए और न ही उसके खाते से ट्रांसफर किए और न ही कोई हस्ताक्षर करवाए। महिला ने बैंक मैनेजर पर मिलीभगत करने का आरोप लगाया है।