पानीपत शहर के रहने वाले एक व्यक्ति ने कुछ लोगों पर जमीन का सौदा करने के नाम पर धोखाधड़ी करने और पचास लाख रुपये लेने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने इसकी शिकायत पुलिस का दी है। जिसमें पीड़ित ने मारपीट और धमकी देने का भी आरोप लगाया है।
मयंक सिंगला निवासी देशराज कॉलोनी पानीपत ने बताया कि वह कंबल का व्यापार करता है। आरोपी अनिल कुमार से वह अक्टूबर 2022 में उससे किसी जानकार के माध्यम से मिला था। उसने उसे कृषि भूमि 16 कनाल का एक सौदा गांव राक्सेड़ा में दिखाया। जिसका दूसरा हिस्सेदार राजेश कुमार भी उसका जानकार है। उसे जमीन ठीक लगी और ब्याने के लिए एक महीने का समय मांगा लेकिन अनिल ने मना करते हुए कहा कि एक बार ही फुल एंड फाइनल पेमेंट करनी पड़ेगी। रजिस्टरी के लिए जितना समय कहोगे मिल जाएगा। उसकी बातों पर विश्वास कर उसने उपरोक्त कृषि भूमि 16 कनाल का सौदा 50 लाख रुपये में अनिल कुमार और राजेश कुमार से कर लिया और पैसे भी दे दिए।
रजिस्टरी खुलने के कुछ समय बाद जब उसने आरोपी अनिल को रजिस्टरी करवाने बाबत फोन किया तो वह आनाकानी करने लगा। संदेह होने पर उसने तहसील समालखा से उपरोक्त जमीन (सौदा) बाबत जांच करवाई तो उपरोक्त दोनों ने उसके साथ धोखा करते हुए रजिस्टरी किसी के नाम करवा दी। इसको लेकर वह अनिल के पास गया तो उसने मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। उसे पता चला कि अनिल के खिलाफ कई आपराधिक धोखा-धड़ी से संबंधित शिकायतें भी दर्ज हैं। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।