पानीपत, सोनीपत और भिवानी में गन प्वाइंट पर कार व बाइक लूट को अंजाम देने वाले गिरोह के मास्टर माइंड समेत चार बदमाशों को पानीपत पुलिस ने गिरफ्तार किया है। बदमाशों ने गुप्त सूचना पर पहुंची पुलिस की गाड़ी को ही लूटने का प्रयास किया। आरोपियों से लूटपाट की छह वारदात का खुलासा हुआ है। साथ ही एक कार, एक बाइक, पंच, एक सरिया, दो हथियार डोगा और 315 बोर की पिस्तौल और दो कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों को एक दिन के रिमांड पर लिया है।
एसपी अजीत सिंह शेखावत ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि समालखा के गढ़ी छाजू मोड़ पर अवैध हथियार लेकर चार युवक बिना नंबर की एक टाटा पंच कार लेकर राहगीरों को लूटने की फिराक में हैं। पुलिस गाड़ी पर लगी बत्ती को उतारकर उस तरफ पहुंची तो उनमें से एक ने गाड़ी को रुकने का इशारा किया।
ड्राइवर ईएसआई शमशेर ने गाड़ी रोक दी। एक युवक ने ड्राइवर शमशेर की तरफ पिस्तौल तान दी और गाड़ी से नीचे उतरने व सामान निकाल देने की धमकी दी। पुलिस ने सूझबूझ से कार्रवाई करते हुए मौके पर चारों आरोपियों को पकड़ लिया।
आरोपियों की पहचान नीरज पुत्र जय सिंह निवासी गांव आट्टा पानीपत, रोहित पुत्र सतपाल निवासी पुरखास सोनीपत, शिवम पुत्र कपिल निवासी नाथूबास भिवानी व सोनू पुत्र छोटे लाल निवासी ब्राह्मणवास, अलवर राजस्थान के रूप में हुई।
यहां हुई वारदात
- 14 अप्रैल की देर रात सोनीपत में कामी रोड पर गन प्वाइंट पर संदीप पुत्र जोगेंद्र से टाटा पंच गाड़ी लूटी। थाना सदर सोनीपत में संदीप की शिकायत पर मुकदमा दर्ज है। उस गाड़ी को पुलिस ने अब बरामद कर लिया है।
- दो माह पहले भिवानी में मेडिकल स्टोर संचालक से गन प्वाइंट पर 12 हजार रुपये लूट लिए थे।
- डेढ़ माह पहले सोनीपत के दुभेटा गांव में शराब ठेके पर गन प्वाइंट पर आठ हजार रुपये लूटे थे।
- पानीपत में 21 जनवरी को अंसल में सरकारी अस्पताल के डॉक्टर मोहित से गन प्वाइंट पर आई-10 कार लूट ली थी।