पानीपत। पीवीआर के सामने पुल पर राहगीरों से नकदी लूट की वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह का भंडाफोड कर गिरोह के सरगना सहित चार आरोपियों को पीवीआर के पास से गिरफ्तार किया। आरोपियों ने पूछताछ में लूट की दो वारदातों को अंजाम देने बारे स्वीकारा। आरोपियों की पहचान सेक्टर-6 निवासी श्रीपाल व कच्चा कैंप पूरेवाल कॉलोनी निवासी मोहित, जगजीत व मोहित के रूप में हुई है। रविवार को चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया। जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया।
थाना सेक्टर 13-17 प्रभारी इंस्पेक्टर राकेश ने बताया कि शनिवार देर शाम को गश्त के दौरान गुप्त सूचना मिली थी कि संदिग्ध किस्म के चार युवक पीवीआर के नजदीक पुल के पास किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे हैं। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर दबिश देकर चारों युवकों को हिरासत में लिया। पूछताछ में अपनी पहचान श्रीनिवास निवासी सेक्टर-6, मोहित, जगजीत व मोहित निवासी कच्चा कैंप पूरेवाल कॉलोनी के रूप में बताई। गहनता से पूछताछ करने पर चारों आरोपियों ने अपने एक अन्य साथी आरोपी के साथ मिलकर पांच जून की बाद दोपहर युवक से छह हजार रुपये नकदी लूटने की वारदात को अंजाम देने बारे स्वीकारा।
पूछताछ में आरोपियों ने उक्त वारदात के अतिरिक्त दो फरवरी को बाद दोपहर लोहा पुल पर एक अन्य युवक से 20 हजार रुपये लूटने की वारदात को अंजाम देने बारे स्वीकारा। उन्होंने बताया कि आरोपी की गैंग का मास्टरमाईंड श्रीपाल है और सभी अन्य साथी नशे की लत को पुरा करने के लिए वारदात को अंजाम देते थे। रविवार को चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया। जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया।