पानीपत। नववर्ष पर पानीपत पुलिस को महिला थाने की भूमि को स्वीकृति मिल गई है। सेक्टर 19 स्थित अंसल में एक एकड़ जमीन पर तीन मंजिला महिला थाना बनेगा। इसे बनाने के लिए 3.11 करोड़ की लागत लगेगी। एसपी शशांक कुमार सावन ने शुक्रवार को भूमि पूजन के बाद थाने की आधारशिला रखी। योजना के अनुसार, 15 माह के अंदर थाना बनकर तैयार हो जाएगा।
एसपी शशांक कुमार सावन ने हरियाणा पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन के अधिकारियों से कहा कि आधुनिकतम सुविधाओं से युक्त निर्मित होने वाले थाने के भवन का समय पर निर्माण पूरा होना चाहिए, ताकि नवनिर्मित थाने में पुलिस कर्मचारी व अधिकारी लॉ एंड ऑर्डर कायम रखने के लिए बेहतर माहौल में कार्य करके अपराध पर कारगर अंकुश लगा सकें। इस अवसर पर एएसपी पूजा वशिष्ट, एएसपी विजय सिंह, हाउसिंग कॉरपोरेशन के एक्सईएन संजीव कुमार वर्मा, एसडीओ सुरेंद्र जागलान और महिला थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुनीता व थाना का स्टाफ मौजूद रहा।
तहसील कैंप थाने की इमारत में चल रहा महिला थाना
पानीपत महिला थाना वर्तमान में बस स्टैंड के सामने तहसील कैंप थाना की इमारत में चल रहा है। भवन का निर्माण पूरा होने पर महिला थाने को नए भवन में शिफ्ट कर दिया जाएगा। नया थाना जीटी रोड से करीब एक किलोमीटर अंदर सेक्टर-19 में अंसल के गेट नंबर दो के नजदीक मार्केट से बाई साइड में स्थित है।
नई इमारत में बनाए जाएंगे इनके लिए कमरे
थाने के तीन मंजिला भवन में डीएसपी कमरा, एसएचओ रूम, प्रोटेक्शन अधिकारी कमरा, ड्यूटी ऑफिसर कमरा, महिलाओं व बच्चों के लिए कक्ष, पुरुष व महिलाओं के लिए अलग-अलग लॉकअप, पूछताछ कक्ष, मालखाना, स्टोर, एमएचसी कमरा, रिटायरिंग कमरा, असलाह कक्ष, रिकार्ड कमरा, पुरुष, महिला व दिव्यांगों के लिए अलग-अलग बाथरूम, मनोरंजन कक्ष तथा किचन रूम आदि का निर्माण किया जाएगा।