वीरवार को घर जा रहे पूर्व विधायक भरत सिंह छौक्कर को मॉडल टाउन में सांड़ ने टक्कर मारकर घायल कर दिया। उक्त घटना से लोगों में रोष है। उनका कहना है कि आमजन की जिंदगी के साथ खिलवाड़ करने के लिए बेसहारा गोवंश छोड़ रखे हैं। साथ ही गौशाला प्रबंधन भी इन्हें अपने यहां नहीं रखते। पूर्व विधायक भरत सिंह छौक्कर ने बताया कि वे सुबह गोल्डन पार्क में स्वच्छता संबंधी काम करवाने के बाद मॉडल टाउन स्थित घर जा रहे थे। शिव चौक पर कार खड़ी कर वे पैदल ही निकल गए। इस दौरान पीछे से सांड़ ने उन पर हमला कर दिया। उनके हाथ तथा पैर पर चोट लगी। पूर्व विधायक ने कहा कि सांसद, विधायक को इस समस्या के समाधान के लिए कदम उठाना चाहिए।
राजू, संदेश, अमित, काकू, राखी, कवल, कुलदीप, कृष्ण आदि का कहना है कि गोवंश के हमले में पहले भी कई लोग घायल हो चुके हैं। शहर में इस समय नई अनाज मंडी, रेलवे रोड, समालखा गांव, मॉडल टाउन, चुलकाना रोड आदि में सैकड़ों गोवंश हैं।
इस बारे में एसडीएम समालखा विजेंद्र हुड्डा ने बताया कि समस्या के संदर्भ में नपा सचिव को कहा गया है। समाधान के लिए जल्द ही ठोस कदम उठाए जाएंगे।