सीआईए 2 ने चौटाला रोड पर सिवाह स्टेडियम के पास स्कार्पियो गाड़ी में बैठकर डकैती की योजना बना रहे पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 4 चाकू और एक स्कॉर्पियो गाड़ी बरामद किए गए है। आरोपियों को शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। आरोपियों की पहचान चंद्र पाल, सहेंद्र, दिनेश निवासी इसलामपुर, नीरज निवासी गढी श्याम और राजकुमार निवासी गढी दौलत, शामली यूपी के रूप में हुई।
सीआईए-2 प्रभारी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि वीरवार को पुलिस की एक टीम गश्त के दौरान जीटी रोड पर सिवाह के पास मौजूद थी। टीम को सूचना मिली कि चौटाला रोड पर स्टेडियम के पास यूपी नंबर की स्कॉर्पियो गाड़ी में बैठे हथियारों से लैस पांच अज्ञात युवक डकैती की योजना बना रहे है। पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर स्कार्पियो गाड़ी में बैठे पांचों आरोपियों को काबू कर तलाशी ली तो आरोपियों के पास से 4 धारदार चाकू बरामद हुए।
आरोपियों का पहले भी मिला आपराधिक रिकॉर्ड
इंस्पेक्टर वीरेंद्र ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ थाना सेक्टर-29 में धारा 399, 402 व आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई गई। गहनता से पूछताछ की तो चार आरोपियों का पहले भी आपराधिक रिकार्ड मिला। आरोपी चंद्रपाल के खिलाफ कैथल, सहारनपुर और दिल्ली में लड़ाई झगड़ा व जेब काटने के चार मुकदमे, सहेंद्र के खिलाफ कैथल और सहारनपुर में जेब काटने के दो मुकदमे, राजकुमार के खिलाफ आर्म्स एक्ट का एक मुकदमा और नीरज के खिलाफ यूपी के कांधला में लड़ाई झगड़ा व चोरी के तीन मुकदमे दर्ज है।