सीआईएसएफ रोड पर पांच बदमाशों ने दो दोस्तों से करीब 27 हजार रुपये और मोबाइल फोन लूट लिए। दोनों दोस्त ठेकेदार से पेमेंट लेकर घर लौट रहे थे, रास्ता भटकने पर उन्होंने बदमाशों से मदद मांगी थी। जिसके बाद बदमाशों ने मारपीट कर लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया। सेक्टर 29 थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में समालखा के बेनीवाल मोहल्ला निवासी अनिल ने बताया कि वह 21 मई को रात करीब 10 बजे अपने दोस्त कमल के साथ अनाज मंडी में ठेकेदार से मजदूरी के रुपये लेने के लिए गया था। वह ठेकेदार से रुपये लेकर घर लौट रहे थे, लेकिन विकास नगर से सिवाह जाते वक्त रास्ता भटक गए। सीआईएसएफ रोड पर पहुंचे तो दोस्त ने रोड पर खड़े पांच युवकों से रास्ता पूछा उन्होंने मारपीट शुरू कर दी। पांचों आरोपी शराब के नशे में धुत थे। उन्होंने उसकी जेब से मोबाइल और 15 हजार रुपये निकाल लिए। जबकि दोस्त कमल की जेब से 12 हजार रुपये और फोन निकाल और फरार हो गए। उन्होंने सेक्टर 29 थाना पुलिस को शिकायत दी, जिस शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।