पानीपत। जिला नेहरू युवा केंद्र के तत्वावधान में उग्राखेड़ी गांव के खेल मैदान में शनिवार को फिट इंडिया कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें उपायुक्त सुशील सारवान ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने कार्यक्रम की शुरुआत में युवाओं को फिट रहने के संकल्प की शपथ दिलवाई । इसके बाद आयोजित मैराथन दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया ।
डीसी सुशील सारवान ने युवाओं से कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर देश भर में युवाओं में फिटनेस के प्रति जागरूकता लाने के लिए ‘फिट इंडिया कार्यक्रम’ अभियान को शुरू किया गया है। इसका मुख्य उद्देश्य नागरिकों को अधिक शारीरिक रूप से सक्रिय और फिट होने के लिए प्रेरित करना है। इस दौरान जिला युवा अधिकारी स्नेहलता ने युवाओं से कहा कि वे भी अपनी सेहत के प्रति जागरूक रहें। प्रतिदिन व्यायाम करें और खानपान का विशेष ध्यान रखें तथा इन सब चीजों के लिए अपने दोस्तों और सगे-संबंधियों को भी जागरूक करने का काम करें।
कुमारी कनिका त्रिपाठी ने कहा कि आजादी के महोत्सव कार्यक्रम के अंतर्गत रन 2.0 का आगाज केंद्रीय युवा एवं खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने दिल्ली से हरी झंडी दिखाकर शुरुआत की थी। यह अभियान युवाओं को जागरुक करने के लिए देश भर में चला हुआ है। इस अवसर पर बीडीपीओ पूनम चंदा, राजकीय स्कूल उग्राखेडी की प्रधानाचार्य मीनू चौधरी, गौरव शर्मा, प्रवीण चौहान, शिवानी त्यागी, साहिल, सुरेश कुमार व उग्राखेड़ी सरपंच बिजेंद्र कुमार मौजूद रहे।