पानीपत। जिले के प्रत्येक गांव में आधुनिक ई-लाइब्रेरी स्थापित की जाएंगी, जिससे ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर वातावरण, डिजिटल संसाधन एवं आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
जिला परिषद चेयरपर्सन ज्योति शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार युवाओं के उज्ज्वल भविष्य को लेकर पूरी गंभीरता से कार्य कर रही है और शिक्षा के क्षेत्र में लगातार ऐतिहासिक फैसले लिए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के डिजिटल इंडिया अभियान के तहत यह विकास कार्य किए जा रहे है। साथ ही मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की युवा हितैषी सोच को साथ लेकर युवाओं के लिए बेहतर शिक्षण संस्थानों की भी व्यवस्था की जा रही है। जिले की कई पंचायतों में ई-लाइब्रेरी का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है व शेष पंचायतों में भी कार्य तेजी से जारी है। जल्द ही जिले की सभी ग्राम पंचायतों में यह सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि इन ई-लाइब्रेरी में विद्यार्थियों को हाई स्पीड इंटरनेट, कंप्यूटर सुविधा, ऑनलाइन स्टडी मटेरियल, प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित पुस्तकें व शांत अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का सुनहरा अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि जिला परिषद द्वारा इस महत्वाकांक्षी योजना में हरसंभव सहयोग दिया जाएगा और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि पानीपत जिले का प्रत्येक युवा डिजिटल शिक्षा से जुड़कर अपने भविष्य को नई दिशा दे सके। आने वाले समय में ये ई-लाइब्रेरी ग्रामीण शिक्षा व युवा सशक्तिकरण का मजबूत केंद्र बनेंगी।