संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। करीब एक माह से जिले में बारिश हो रही है। बारिश के कारण जिलेभर के करीब 15 गांव बाढ़ प्रभावित है। जगह-जगह जलभराव की स्थिति बनी हुई है। ऐसे में जहरीले जीव जंतु निकल रहे हैं। मौसम में सांप लोगों को सबसे ज्यादा शिकार बना रहे हैं। एक माह में करीब 50 व तीन माह में 115 लोगों को सांप शिकार बना चुके हैं। औसतन हर दिन किसी न किसी को सांप ने डसा है। अभी तक सर्पदंश से जिले में पांच लोगों की मौत हो चुकी है।
कॉमन करैत प्रजाति के सांप इन दिनों लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं। जिले में जितनी भी मौतें सांप के डसने से हुई है इन सभी को कॉमन करैत प्रजाति के सांप ने डसा है। वीरवार को मद्दीपुर गांव में रेस्क्यू करते समय स्नेकमैन गुरमीत को कोबरा सांप ने डस लिया। गंभीर हालत के चलते गुरमीत को पीजीआई
चंडीगढ़ रेफर किया।
कॉमन करैत सांप को कहते हैं साइलेंट किलर
कॉमन करैत प्रजाति के सांप को साइलेंट किलर कहा जाता है। जानकारी के अनुसार इस प्रजाति का सांप बिस्तर में घुसकर सोते हुए इंसान को काटता है। इसके डसने के बाद कई बार तो संबंधित व्यक्ति की नींद भी नहीं खुल पाती और वह दम तोड़ देता है। इसके दांत इतने बारीक होते हैं कि डसने के दौरान संबंधित व्यक्ति को दर्द का एहसास भी कम होता है। इस किस्म का सांप इंसान के शरीर के गर्मी से आकर्षित होता है। इसी वजह से यह बिस्तर तक पहुंचता है।
ये बरतें सावधानी
कॉमन करैत के बचाव के लिए दरवाजों के नीचे ज्यादा जगह न रहने दें। घर में चूहे आदि के सुराग है तो बंद कर दें। ज्यादा बिल हैं तो मच्छरदानी लगाकर सोएं। जिस जगह भी सांप कांटे उसके पास रूमाल को इतना टाइट बांधे कि कसावट में पैंसिल आ जाए। सर्पदंश की जगह कट नहीं लगाए, जहर मुंह से नहीं खींचे। पीड़ित को सोने नहीं दें। सांप ने हाथ में काटा है तो हाथ फोल्ड कर इस तरह से लटकाएं कि जैसे फ्रैक्चर हुआ हो।
झाड़-फूंक न करें, अस्पताल से लें इलाज : डॉ. गौरव
जिला अस्पताल चेस्ट एंड टीबी रोग विशेषज्ञ डॉ. गौरव चावला का कहना है कि सांप काटने पर जल्द इलाज शुरू करना चाहिए न कि झाड़-फूंक जैसे अंधविश्वास में पड़कर मरीज की जान को खतरे में डालना चाहिए। एंटी वेनीन व एंटीडोट एलएनजेपी अस्पताल में उपलब्ध है ।
ये हैं सांप काटने के लक्षण
विशेषज्ञों के मुताबिक सांप के काटने के बाद काटने वाली जगह पर दांतों के निशान काले रूप में उभर आते हैं। दिल व दिमाग पर ज्यादा प्रभाव पड़ता है। सांस लेने में दिक्कत, शरीर में जकड़न , सूजन पड़ना व शरीर में जलन, मसूड़ों में खून आना, तेज बुखार आदि सांप के काटने के लक्षण हैं। सांप के काटने पर घबराना नहीं चाहिए बल्कि तुरंत इलाज कराना चाहिए।