पानीपत। आरपीएफ और रेलवे अधिकारियों ने रेलवे भूमि पर बढ़ते अतिक्रमण और रेल लाइनों के आसपास फैल रही गंदगी को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की। रेलवे अधिकारियों और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने स्टेशन से गोहाना पुल तक क्षेत्र का निरीक्षण किया और जेसीबी से अतिक्रमण हटाया।
रेलवे भूमि पर अवैध कब्जे और लाइन के पास फैली गंदगी से न केवल रेलवे संचालन प्रभावित होता है बल्कि यात्रियों और कर्मचारियों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ती है। कई स्थानों पर लोगों द्वारा कूड़ा-कचरा फेंकने और अस्थायी ढांचे खड़े करने की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद यह अतिक्रमण हटाया गया। संयुक्त टीम ने अतिक्रमण करने वालों को चेतावनी दी कि रेलवे भूमि पर अवैध कब्जा न करें, साथ ही रेल लाइनों के पास गंदगी फैलाने वालों पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।
रेलवे भूमि पर अतिक्रमण से कई तरह की समस्याएं उत्पन्न होती हैं, इससे ट्रेनों के संचालन में बाधा आ सकती है, दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है और रेलवे कर्मचारियों को भी काम करने में परेशानी होती है, इसके अलावा लाइन के पास गंदगी फैलने से पर्यावरण और स्वच्छता पर भी बुरा असर पड़ता है। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि अतिक्रमण हटाने का मुख्य उद्देश्य यात्रियों की सुरक्षा और रेलवे संचालन को सुचारू बनाए रखना है। रेलवे संपत्ति सार्वजनिक संपत्ति है और इसकी सुरक्षा सभी की जिम्मेदारी है।