पानीपत। बिजली निगम ने शहराें की तर्ज पर अब गांवों में भी मीटराें को घरों से बाहर निकालकर सार्वजनिक स्थलों पर लगाने की योजना बनाई है। इसके लिए निगग अधिकारी ग्राम पंचायतों से संपर्क कर रहे हैं।
निगम की माने तो जल्द ही योजना को सिरे चढ़ा दिया जाएगा। निगम द्वारा योजना में सहयोग देने वालाें गांवाें में 22 घंटे बिजली देने का दावा किया जा रहा है। उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम ग्रामीण क्षेत्रों में मीटरों को घरों से दूर सार्वजनिक स्थलों पर ग्रुपों मेें लगाएगा।
वैसे तो ग्रामीण क्षेत्रों में मीटरों को घरों से बाहर निकालकर संबंधित घरों की दीवार पर पहले ही लगाए जा रहे हैं। लेकिन नई योजना के तहत मीटरों को कई मीटरों को एक ग्रुप में पिलर बनाकर लगाने की योजना है। इस समय ग्रामीण क्षेत्रों में करीब सवा लाख बिजली कनेक्शन हैं।
बिजली निगम ने मीटरों को घरों से बाहर निकालकर एक पिलर पर लगाने की योजना तैयार की है। एक पिलर पर कम के कम आधा दर्जन मीटर लगाएं जाएंगे। निगम की योजना के तहत जो भी गांव अपना भरपूर सहयोग देगा, उस गांव में बिजली सप्लाई 22 घंटे तक दी जाएगी।
सामान्य तौर पर किसी भी गांव में 18 घंटे बिजली सप्लाई उपलब्ध कराने की योजना है। विभाग ऐसी पंचायत का भरपूर सहयोग देगा। योजना शुरू होने के बाद निगम कर्मचारियों को भी इससे लाभ मिलेगा। मुख्य रूप से जो बिजलीकर्मी रीडिंग लिखने के लिए आते हैं, उनको ज्यादा सहयोग मिलेगा।
कर्मचारियों को रीडिंग एकत्रित करने के लिए घर-घर चक्कर लगाने पड़ते हैं। अगर मीटर पिलरों पर लग जाएं तो इन्हें बहुत आसानी होगी। योजना का मुख्य उद्देश्य बिजली चोरी को रोकना है। निगम अधिकारियों का मानना है कि जिन घराें के अंदर मीटर लगे हैं, वे गड़बड़ी करते हैं।
मीटर से पहले ही सप्लाई की तार के कट लगाकर वहीं पर जुगाड़ कर लेते हैं। इससे निगम को तो नुकसान होता है ही साथ ही गांव के अन्य लोगों को भी परेशानी होती है। ज्यादा लोड पड़ने पर ट्रांसफार्मर और तारों के फुंकने का भय रहता हैै।
वर्जन
बिजली मीटराें को घरों से बाहर निकालकर पिलरों पर लगाने में जो गांव निगम का भरपूर सहयोग देगा, उस गांव में 22 घंटे तक बिजली सप्लाई दी जाएगी। गांव निगम की योजनाओें और सुधारों में अपना भरपूर सहयोग दें।
एमएस दहिया, अधीक्षक अभियंता, बिजली निगम, पानीपत सर्कल