पानीपत। थाना सदर क्षेत्र के बाबरपुर स्थित यूको बैंक की शाखा में बैठने वाली महिला ने बुजुर्ग महिला को ज्यादा ब्याज का झांसा देकर एफडी तुड़वा दी, इसके बाद एफडी के पैसों से उनकी पुत्रवधू का बीमा कर कमीशन ले लिया। महिला को अब इसका पता चला तो उन्होंने शाखा प्रबंधक से शिकायत की लेकिन, शाखा प्रबंधक ने भी कोई कार्रवाई नहीं की। बुजुर्ग महिला की शिकायत पर सदर थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
बाबरपुर निवासी रानी ने एसपी को दी शिकायत में बताया कि उन्होंने 60,609 रुपये की 11 महीने की एफडी करा रखी थी। बैंक में तैनात महिला कर्मचारी सुनीता ने उन्हें फोन कर बैक बुलाया और कहा कि पुरानी एफडी तुड़वाकर पांच साल की नई एफडी करा लो, इसमें 14 प्रतिशत ब्याज मिलेगा लेकिन, उन्होंने ऐसा करने से इन्कार कर दिया इसके बाद वह उन्हें लगातार फोन करती रही, इसके बाद उसने दोबारा फिर से बुलाया और कुछ कागजों पर अंगूठा लगवा लिया। गवाह के तौर पर उनकी पुत्रवधू के दस्तावेज और हस्ताक्षर भी ले लिए। इसके बाद कहा कि एफडी उनके घर पहुंच जाएगी।
करीब 15 दिन बाद उनके घर पर एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस कंपनी से कागज पहुंचे। उन्होंने जांच कराई तो पता चला कि उनकी पुत्रवधू के नाम पर बीमा कर दिया गया। जिसमें सात साल तक हर साल 57,999 रुपये का प्रीमियम भरना होगा। उन्होंने ऐसा करने पर सुनीता से बात की तो उसने कहा कि वह कमीशन के लिए ऐसा करती है, इसके बाद उन्होंने शाखा प्रबंधक से बात की तो शाखा प्रबंधक ने कहा कि उन्होंने ने ही उसे बैठा रखा है, जिससे की लोगों के बीमे कर कमिशन मिलता रहे। रानी ने एसपी को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। एसपी के आदेश पर सदर थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।