पानीपत। न्यू हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में एक बुजुर्ग महिला ने सुसाइड नोट लिखकर जहरीला पदार्थ निगलकर जान दे दी। सुसाइड नोट में महिला ने सौतेले बेटे और पुत्रवधू पर मारपीट करने का आरोप लगाया। चांदनीबाग थाना पुलिस ने महिला की बेटी की शिकायत पर बेटे और पुत्रवधू के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है और शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।
हिमाचल के पांवटा साहिब निवासी पूजा गुप्ता ने एसपी को दी शिकायत में बताया कि सहारनपुर निवासी उसके पिता हरिकिशन की पहले मौत हो चुकी है। वह अपनी मां रेखा के साथ काफी दिन तक मामा के घर रही। इसके बाद मां रेखा की दूसरी शादी न्यू हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी विनोद कुमार से हुई। उनकी भी यह दूसरी शादी थी। विनोद का पहली पत्नी से एक बेटा दिनेश था। पूजा का आरोप है कि उसकी मां को पति और सौतेले बेटे दिनेश ने सम्मान नहीं दिया। वह इस शादी से नाखुश था, इसलिए मां से रंजिश रखता था और उनसे मारपीट करता था। आरोपियों ने कुछ दिनों पहले मां को एक 50 गज के मकान में रहने के लिए छोड़ दिया, जहां वह रह रही थी। 23 मार्च को उसने मां से बात की तो सौतेले बेटे दिनेश की पत्नी टीना उन्हें गालियां दे रही थी। इसके बाद 25 व 26 मार्च को उसने मां को करीब 15-20 कॉल की, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया। 26 मार्च को दोपहर में उसने किराएदारों को कॉल किया। उन्होंने बताया कि मां के मकान का अंदर से दरवाजा बंद था और पड़ोसी बाहर इकट्ठे थे। एक पड़ोसी दरवाजे की जाली तोड़कर अंदर पहुंचा, जहां उसने देखा तो मां रेखा बेड पर मृत अवस्था में पड़ी हुई थी। उनके मुंह से झाग निकलकर सूख चुके थे। इसके बाद वह पानीपत आ गई।
पुलिस के आते ही फरार हुए बेटा और पुत्रवधू-
बेटी पूजा गुप्ता ने बताया कि उसने पानीपत पहुंचते ही पुलिस को सूचना दी। सेक्टर 11-12 चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल के शव गृह में रखवाया। पुलिस ने कार्रवाई शुरू की तो आरोप है कि सौतेला बेटा दिनेश और पुत्रवधू घर से लापता हो गए।
कपड़े के थैले में लिपटा मिला मोबाइल और सुसाइड नोट
बेटी पूजा ने बताया कि उसने मां का मोबाइल ढूंढने का प्रयास किया तो वह बेड पर एक कपड़े के थैले में मिला। वहीं एक सुसाइड नोट भी मिला, जिसमें लिखा था कि जो मेरे पैसे घर में है। वह मेरी लड़की को देना। जो मेरा जेवर भी नाते-नाती को दे देना। मैं गोलियां खा रही हूं। टीना और दिनेश मुझसे मार-पीट करते थे और गालियां देते थे।
बेटी की शिकायत पर सौतेले बेटे और पुत्रवधू के खिलाफ आत्महत्या करने के लिए मजबूर करने की धारा 306 के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है, शव का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया और मामले की आगामी जांच शुरू कर दी है।
- इंस्पेक्टर महिपाल सिंह, चांदनीबाग थाना प्रभारी