इनसो ने रोडवेज जीएम को सौंपा ज्ञापन, दोषी कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग व्यवस्था नहीं सुधरने पर आंदोलन की चेतावनी
माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। समालखा में ई-बस चालक पर 30 से अधिक छात्र-छात्राओं को कॉलेज से करीब चार किलोमीटर पहले उतारने का आरोप लगा है। शुक्रवार को हुई इस घटना के बाद विद्यार्थियों को पैदल कॉलेज पहुंचना पड़ा।
इससे नाराज विद्यार्थियों के समर्थन में इंडियन नेशनल स्टूडेंट्स ऑर्गनाइजेशन (इनसो) उतर आया। संगठन ने रोडवेज महाप्रबंधक को ज्ञापन सौंपकर मामले की जांच और दोषी कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग की है। साथ ही व्यवस्था में सुधार नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
इनसो के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष बलराज देशवाल और प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र जैलदार ने बताया कि विद्यार्थी शुक्रवार को समालखा अड्डे से जीटी रोड स्थित इंजीनियरिंग कॉलेज जा रहे थे। कुछ विद्यार्थियों के पास बस पास थे, जबकि अन्य ने टिकट लेकर यात्रा की थी।
आरोप है कि चालक ने विद्यार्थियों को कॉलेज के गेट पर उतारने के बजाय फ्लाईओवर से पहले करीब चार किलोमीटर दूर उतार दिया। इसके बाद उन्हें पैदल कॉलेज जाना पड़ा। छात्र नेताओं ने कहा कि इस कारण छात्राओं सहित कई विद्यार्थियों को परेशानी हुई और उनकी पढ़ाई व सुरक्षा प्रभावित हुई।
निर्धारित स्टॉपेज तक बस चलाने की मांग
इनसो नेताओं ने कहा कि ई-बसों का संचालन यात्रियों की सुविधा के लिए किया गया है। ऐसे में विद्यार्थियों को बिना उचित कारण बीच रास्ते में उतारना गलत है। उन्होंने मांग की कि ई-बसों में कॉलेज विद्यार्थियों को निर्धारित रूट और स्टॉपेज के अनुसार सुविधा दी जाए तथा किसी भी चालक या परिचालक को मनमाने तरीके से रास्ते में उतारने की अनुमति न हो।
संगठन ने समालखा मामले में जिम्मेदार कर्मचारियों की पहचान कर विभागीय कार्रवाई करने की मांग की है। इनसो नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि विद्यार्थियों की परिवहन सुविधा में सुधार नहीं हुआ और ऐसी घटना दोबारा हुई तो संगठन विद्यार्थियों के साथ मिलकर आंदोलन करेगा।
जांच के बाद होगी कार्रवाई : जीएम
यह मामला मेरे संज्ञान में नहीं आया है। किसी भी बस चालक या परिचालक को यात्रियों, विशेषकर विद्यार्थियों को निर्धारित स्टॉपेज से पहले उतारने की अनुमति नहीं है। मामले की जांच करवाई जाएगी और यदि कोई कर्मचारी दोषी पाया गया तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
विक्रम कांबोज, जीएम, हरियाणा रोडवेज डिपो, पानीपत।
2, 3
ई-बस से उतरते विद्यार्थी। स्रोत : सोशल मीडिया